नई दिल्ली। नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में कोलकाता में निकाली गई रैली में भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पीएम मोदी का लक्ष्य पड़ोसी देशों में प्रताड़ित किए जा रहे लोगों का भला करना है। उन्होंने कहा कि यहां मौजूद भारी भीड़ इस बात का संकेत है कि वो नागरिकता संशोधन अधिनियम के समर्थन में हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस कानून का विरोध सिर्फ वोट बैंक की राजनीति के लिए कर रही हैं। उनको ये देखना और समझना चाहिए की नागरिकता कानून के समर्थन के लिए रैली में आए लोगों ने वोट बैंक की राजनीति को खारिज कर दिया है।
नागरिकता संशोधन कानून 2019 (CAA) के खिलाफ देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इस बीच कानून के बारे में लोगों को जागरुक करने के लिए बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में कोलकाता में सोमवार को नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में एक रैली निकाली है। उनके साथ भाजपा महासचिव और पश्चिम बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय भी थे।
इस कानून को लेकर उपजे भ्रम को दूर करने के लिए भारतीय जनता पार्टी अगले 10 दिनों में तीन करोड़ परिवारों तक पहुंचने जा रही है। सैकड़ों रैलियों के साथ ही 250 से अधिक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार नागरिकता संशोधन कानून 2019 के बारे में फैलाई जा रही “गलत धारणाओं” को स्पष्ट करेगी।
कोलकाता में निकाली जा रही इस रैली की शुरुआत दोपहर 12 बजे से सुबोध मलिक स्कवॉयर से हुई और यह श्यामबाजार पर खत्म हुई। नड्डा कोलकाता में भाजपा की कोर समूह की बैठक में हिस्सा लेंगे। बताते चलें कि इससे पहले रविवार को कोलकाता पुलिस ने जेपी नड्डा के मार्च को अनुमति देने से इनकार कर दिया था, हालांकि बाद में उन्हें रैली निकालने की इजाजत दे दी गई थी।