सागर के ढाना में चिमेस एविएशन का प्लेन क्रैश, दो की मौत

भोपाल. सागर जिले के ढाना में शुक्रवार रात करीब 9 बजे चिमेस एविएशन का एक ट्रेनी प्लेन हवाई पट्टी से कुछ दूर स्थित खेत में क्रैश हो गया। हादसे में पायलट अशोक मकवाना और ट्रेनी पीयूष चंदेल की मौत हो गई। दोनों मुंबई के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार रात्रि कालीन उड़ान के बाद कोहरा बढ़ने से पायलट को रनवे दिखाई नहीं दिया, जिससे विमान करीब 80-100 मीटर दूर खेत में जा गिरा। घटना के बाद दिल्ली से चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर वायएन शर्मा सागर के लिए रवाना हुए।

घने कोहरे के कारण दिखाई नहीं दी हवाई पट्टी
चिमेस एविएशन एकेडमी ढाना से प्रशिक्षु विमान सेसना ने रात करीब 8.35 बजे उड़ान भरी थी। करीब आधे घंटे बाद लैडिंग के दौरान पायलट को कोहरे के कारण हवाई पट्टी दिखाई नहीं दी। ट्रेनी पायलट चंदेल (30) और ट्रेनर मकवाना (58) दोनों ने हड़बड़ी में प्लेन खेत में उतार दिया, जिससे वह क्रैश हो गया। एकेडमी के अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेनी और ट्रेनर दोनों को यह अंदाजा नहीं था कि उड़ान के कुछ देर बाद ही कोहरा इतना बढ़ जाएगा कि रनवे दिखाई नहीं देगा, इसलिए यह दिक्कत हुई। 

रात में उड़ान ट्रेनिंग शेड्यूल में शामिल 
जानकारी मिलते ही चिमेस एविएशन एकेडमी के अधिकारी घटना स्थल पहुंचे और घायलों को प्लेन से निकालकर निजी वाहन से सागरश्री हॉस्पिटल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने चिमेस एविएशन के अधिकारी राहुल शर्मा से घटना की जानकारी ली। शर्मा ने बताया कि प्लेन उड़ाने के ट्रेनिंग शेड्यूल में रात में एक उड़ान भी शामिल है। करीब 10 साल पहले चिमेस एविएशन का एक ट्रेनी विमान जबलपुर के बरगी डेम में गिरा था। हादसे में एक ट्रेनी की मौत हो गई थी। एकेडमी में 8 एयरक्राफ्ट थे। इनमें से अब तक दो प्लेन क्रैश हो चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here