इन शहरों में हैं 100 से अधिक कोरोना मरीज, महाराष्ट्र पर सबसे ज्यादा मार – Coronavirus lockdown most affected city an state in india

  • मुंबई में 458 कोरोना संक्रमित मरीज
  • महाराष्ट्र में 900 के करीब मामले

लॉकडाउन के बावजूद भारत में हाल के दिनों में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ी है. देश में अबतक कोरोना के मरीजों की संख्या 4067 हो चुकी है. वहीं मरने वालों का आंकड़ा 109 तक पहुंच गया है. हालांकि अबतक 291 मरीज कोरोना के खिलाफ जंग जीतकर घर लौट चुके हैं. महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में सोमवार को कोरोना के 120 नए मामले सामने आए हैं. वहीं, सात लोगों की मौत हुई है. अब तक राज्य में कोरोना के 868 मरीज पाए गए, जिनमें से 52 मरीजों की मौत हुई है.

अकेले मुंबई शहर में कोरोना का सबसे ज्यादा खौफ देखा जा रहा है, जहां मरीजों की संख्या 458 हो चुकी है, जबकि 30 मरीजों की जान जा चुकी है.

कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें…

वहीं देश की राजधानी दिल्ली में भी कोरोना संकट तेजी से बढ़ रहा है. अब तक कोरोना की चपेट में 500 से अधिक लोग आ चुके हैं, जबकि 1800 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार है. बीते 24 घंटे में दिल्ली में कोरोना के 58 नए मामले सामने आए हैं. इनमें 19 का कनेक्शन तबलीगी जमात के मरकज से है.

राजस्थान में जयपुर का रामगंज इलाका कोरोना वायरस के एपिक सेंटर के रूप में उभरा है. जयपुर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 110 है. अकेले रामगंज इलाके में ही 100 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है. कोरोना के नए हॉटस्पॉट रामगंज ने सरकार की मुसीबतें बढ़ा दी हैं.

मध्य प्रदेश के इंदौर में भी 150 के करीब लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं. जबकि 10 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. मध्य प्रदेश के इंदौर के टाटपट्टी बाखल इलाके में पिछले दिनों स्वास्थ्य विभाग की टीम कोरोना संक्रमितों की जांच के लिए पहुंची थी, जहां पर भीड़ ने स्वास्थ्य विभाग की टीम पर पथराव किया था. इस घटना ने इंदौर ही नहीं बल्कि देश के तमाम मुस्लिम समुदाय के लोगों को शर्मिंदा कर दिया है. ऐसे में टाट पट्टी बाखल की घटना के लिए इंदौर के प्रमुख मुस्लिम संगठनों ने अपनी ओर से अखबार में माफीनामा का विज्ञापन छपवाकर सार्वजनिक रूप से डॉक्टर्स और नर्स सहित तमाम लोगों से माफी मांगी है.

उत्तर प्रदेश के नोएडा में भी कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता जा रहा है. राज्य में कोरोना के कुल 278 केस सामने आए हैं और इनमें 61 सिर्फ नोएडा से हैं. सिर्फ इतना ही नहीं, यूपी में कोरोना ने नोएडा के जरिए ही दस्तक दी थी, जब यहां के दो परिवार इटली से एक शख्स के बच्चे की बर्थडे पार्टी में शामिल हुए थे. इसके साथ ही कोरोना आगरा पहुंचा. नोएडा-आगरा के ये शुरुआती केस मार्च के पहले हफ्ते में आए थे और अब एक महीना गुजरने के बाद कोरोना वायरस मेरठ से लेकर लखनऊ और कानपुर से लेकर काशी तक पहुंच गया है.

नोएडा के अलावा यूपी के दूसरे शहरों में भी कोरोना वायरस तेजी से पैर पसार रहा है. मेरठ में अबतक 25 मामले सामने आ चुके हैं. ताज नगरी आगरा में 47 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. गाजियाबाद में 23 और सहारनपुर में 13 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं.

केरल में सोमवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 13 और मामले सामने आए हैं. इसमें दो लोग ऐसे हैं, जो पिछले दिनों दिल्ली में तबलीगी जमात के मरकज में शामिल हुए थे. कासरगोड राज्य में सबसे अधिक प्रभावित जिला है जहां नौ नए मामले सामने आए. इसके अलावा मलप्पुरम में दो मामले सामने आए. केरल में अब तक कुल 327 मामले सामने आए हैं जिनमें 59 लोग ठीक हो चुके हैं. इस बीमारी के कारण दो लोगों की मौत भी हुई है.

तेलंगाना में कोरोना के 30 नए मामले सामने आए हैं. इसके साथ ही राज्य में कोरोना के पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 364 पहुंच गई है, जिसमें 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 45 मरीज ठीक भी हुए हैं.

राजस्थान में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 301 पहुंच गई है तो वहीं मध्य प्रदेश में अब तक 256 पॉजिटिव केस पाए गए हैं. तमिलनाडु में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 621 हो गई है. इनमें से 570 केवल तबलीगी जमात के हैं.

कोरोना पर फुल कवरेज के लि‍ए यहां क्ल‍िक करें

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पूरे देश में कोरोना से अब तक 109 लोगों की जान गई है. 24 घंटे में कोरोना से 13 मौतें हुई हैं, जबकि 693 पॉजिटिव केस सामने आए हैं.

आजतक के नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट और सभी खबरें. डाउनलोड करें




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here