कन्याकुमारी से कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा फ़हराने निकली बुलेट रानी – Bundelkhand News


देश भर में बुलेट रानी के नाम से प्रसिद्ध चेन्नई निवासी राजलक्ष्मी मंदा कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक बुलेट मोटरसाइकिल से तिरंगा यात्रा लेकर निकली है। युवा फाउंडेशन के बैनर तले आयोजित इस तिरंगा यात्रा में 21 सदस्य बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार हैं। राजलक्ष्मी व उनके दल के झांसी आने पर भव्य स्वागत किया गया। इलाइट चौराहे पर विधायक रवि शर्मा, भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष मन्नी सरदार उर्फ परमजीत सिंह व समाजसेवी पियूष रावत ने राजलक्ष्मी की अगवानी की। राजलक्ष्मी यह तिरंगा यात्रा लेकर कश्मीर जाएंगी और वही यात्रा का समापन होगा। झांसी से रवाना होने के पूर्व उन्होंने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि इस यात्रा के माध्यम से हम युवाओं को यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि धर्म, जाति से ऊपर सबसे पहले देश है। आजादी के 72 वर्षों के बाद गत 15 अगस्त को पहला स्वतंत्रता दिवस ऐसा आया है, जिसमें कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक सिर्फ तिरंगा झंडा ही लहराया है। उन्होंने जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। राजलक्ष्मी के अनुसार यह तिरंगा यात्रा उन्होंने 15 अगस्त को शुरू की थी और वह कुल 5200 किलोमीटर का सफर बुलेट मोटरसाइकिल से तय करेंगी। लीगल राइट्स काउंसिल इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से निकाली जा रही यह तिरंगा यात्रा झांसी के बाद 21 दिनों में कश्मीर पहुंच जाएगी।




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here