गर्मियों में नागरिकों को मिले पर्याप्त शुद्ध पेयजल : ऊर्जा मंत्री श्री तोमर
भोपाल : सोमवार, मार्च 22, 2021, 21:19 IST

ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ग्वालियर में जलालपुर स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट एवं वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से जल सप्लाय का कार्य शीघ्र चालू कर दिया जाए। गर्मियों में एक भी नागरिक को शुद्ध पेयजल के लिए परेशान नहीं होना चाहिये।
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने निरीक्षण के दौरान वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के कार्यो की समीक्षा करते हुए पूछा कि इस प्लांट से हम शहर को कब तक पानी देने लगेंगे तथा इस प्लांट से किस-किस जगह पानी सप्लाय किया जाएगा। इस पर अधीक्षण यंत्री श्री आर.एल.एस. मौर्य ने बताया कि 20 अप्रैल तक हम प्लांट से पानी सप्लाय कर टंकियों को भरने लगेंगे। इस प्लांट से ग्वालियर विधानसभा और मुरार विधानसभा में पानी दिया जाएगा।
श्री तोमर ने सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण करते हुए कहा कि गंदे पानी को साफ कर सिंचाई के लिए उपयोग किया जाय। जल का पुनः उपयोग जल संरक्षण के हित में है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर सप्ताह ट्रीटमेंट प्लांट पर किये जा रहे कार्यो की समीक्षा रिपोर्ट मुझे दें।
राजेश पाण्डेय
Source link

