- गोंडा में आपसी रंजिश में चली गई, सपा नेता की हत्या
- सीएम आदित्यनाथ ने दिए हैं सख्त कार्रवाई के निर्देश
कोरोना वायरस से निपटने के लिए केंद्र की मोदी सरकार ने पूरे देश में 21 दिनों का लॉकडाउन घोषित कर रखा है जो 14 अप्रैल तक चलने वाला है. इस बीच यूपी के गोंडा जिले में ऐसी सनसनीखेज वारदात हुई जिस वजह से सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ को मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा.
जानकारी के मुताबिक गोंडा में गोली कांड में एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं.
सीएम योगी ने दिए दोषियों पर एनएसए लगाने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है और जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और इसके साथ ही घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करवाने के निर्देश भी दिए हैं.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में गिरा क्राइम का ग्राफ, पिछले साल के मुकाबले अपराध कम
इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सीएम ने एनएसए लगाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने लॉकडाउन के दौरान हुई इस घटना पर गोंडा के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को चेतावनी भी दी है. सीएम योगी ने घटना में उपयोग किए गए असलहे को भी तत्काल बरामद करने के निर्देश दिए हैं.
आपसी रंजिश बताई जा रही इस हत्याकांड की वजह
मिली जानकारी के मुताबिक सपा नेता लाठी सिंह की गोली मारकर हत्या की गई है. इस गोलीकांड में लाठी सिंह का भाई भी घायल हो गया था. बताया जा रहा है कि यह आपसी रंजिश का मामला है. इस बात की भी जानकारी मिली है कि सपा नेता लाठी सिंह परास पट्टी के प्रधान रह चुके हैं.
यह भी पढ़ें: जीबी रोड पर फंसी हैं 2000 से ज्यादा यौनकर्मी, 200 से ज्यादा बच्चे
यह सनसनीखेज मामला राजनीतिक हस्तियों से जुड़े होने के कारण जैसे ही इस गोलीकांड की खबर लोगों तक पहुंची तो जिला अस्पताल में नेताओं का जमावड़ा लग गया था.

