चलते वाहन में ब्रेक फेल हो जाए तो क्या करें? जानिए चेतावनी संकेत और बचाव के जरूरी उपाय

सड़क पर वाहन चलाते समय ब्रेक सिस्टम का सही स्थिति में होना बेहद जरूरी है। लेकिन कई बार तकनीकी खराबी, लापरवाही या रखरखाव में कमी के कारण कार के ब्रेक अचानक काम करना बंद कर देते हैं। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय सही कदम उठाना जान बचा सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार ब्रेक फेल होने से पहले वाहन कुछ संकेत देने लगता है, जिन्हें नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।ब्रेक फेल होने से पहले मिलते हैं ये संकेतकार के ब्रेक सिस्टम में खराबी आने पर ड्राइवर को कुछ स्पष्ट लक्षण महसूस होते हैं। इनमें ब्रेक दबाते समय ग्राइंडिंग या चीखने जैसी आवाज आना, ब्रेक पैडल में सामान्य से ज्यादा दबाव की जरूरत पड़ना, ब्रेक लगाते समय कंपन महसूस होना, वाहन का एक तरफ खिंचना और जली हुई गंध आना शामिल है। डैशबोर्ड पर ब्रेक वार्निंग लाइट का जलना भी गंभीर संकेत हो सकता है।इन संकेतों को समय रहते समझकर वाहन की सर्विस करवा लेने से बड़ी दुर्घटना टाली जा सकती है।

अगर चलते-चलते ब्रेक फेल हो जाए तो क्या करें?

यदि अचानक ब्रेक काम करना बंद कर दें, तो सबसे पहले घबराएं नहीं और वाहन पर नियंत्रण बनाए रखें।तुरंत हैजर्ड लाइट्स ऑन कर दें ताकि पीछे आ रहे वाहन सतर्क हो जाएं।

ब्रेक पैडल को लगातार पंप करते रहें। कई बार हाइड्रोलिक प्रेशर बनने से ब्रेक अस्थायी रूप से काम करने लगते हैं।

धीरे-धीरे गियर डाउन करें, यानी उच्च गियर से निचले गियर में शिफ्ट करें। इससे इंजन ब्रेकिंग के जरिए वाहन की गति कम होगी।हैंड ब्रेक का उपयोग सावधानी से और धीरे-धीरे करें। अचानक जोर से हैंड ब्रेक खींचने पर वाहन असंतुलित हो सकता है।

यदि संभव हो तो वाहन को सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान या खाली जगह की ओर मोड़ें।

इंजन को तुरंत बंद न करें, क्योंकि इससे स्टीयरिंग और ब्रेकिंग कंट्रोल प्रभावित हो सकता है।नियमित देखभाल है सबसे बड़ा बचाव

विशेषज्ञों का कहना है कि ब्रेक ऑयल का स्तर समय-समय पर जांचना, ब्रेक पैड और डिस्क की नियमित सर्विसिंग कराना और किसी भी असामान्य आवाज को नजरअंदाज न करना ही सबसे सुरक्षित उपाय है।

वाहन चलाते समय सतर्कता और समय पर रखरखाव न केवल आपकी, बल्कि सड़क पर अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी बेहद आवश्यक है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here