छतरपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच दो अलग-अलग हादसों में दीवार और कच्चा मकान गिरने से दो बुजुर्गों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे घायल हो गए। पहला हादसा गढ़ी मलहरा थाना क्षेत्र के सिंदूरकी गांव में हुआ, जहां खेत जा रहे 70 वर्षीय लक्ष्मी प्रसाद राजपूत के ऊपर जर्जर मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मलबे की चपेट में आने से तीन बच्चे घायल हो गए।वहीं दूसरा हादसा बिजावर थाना क्षेत्र के धरमपुरा पहलेपुरा गांव में हुआ। यहां पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण एक कच्चा मकान अचानक ढह गया। हादसे के वक्त घर में सो रही 90 वर्षीय कालिया बाई मलबे में दब गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।दोनों हादसों की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। लगातार बारिश के चलते जिले में कच्चे मकानों और जर्जर भवनों को लेकर लोगों में भी चिंता बढ़ गई है।


