अब तक छत्तीसगढ़ में कोरोना की वजह से तीन लोग सुसाइड कर चुके हैं.
जांजगीर चांपा (Janjgir Champa) में कोरोना संक्रमित (Corona Infected) एक युवक के सुसाइड करने का मामला सामने आया है. कोराना वायरस के डर के कारण ये छत्तीसगढ़ में तीसरा सुसाइड केस है.
स्वास्थ्य अधिकारी ने कही ये बात
जबकि जांजगीर चांपा जिले के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि कोविड केयर सेंटर में वह सामान्य तरीके से दवाई और भोजन ले रहा था. उन्होंने बताया कि 26 साल के पंकज तिवारी के साथ कमरे में रह रहे अन्य मरीजों ने उसे लापता पाकर इसकी सूचना अधिकारियों को दी. तलाश के दौरान उसका शव रेलवे पटरी पर पड़े होने की जानकारी मिली.
पुलिस ने कही ये बातइस मामले पर पुलिस अधिकारी लखेश केंवट ने बताया कि आत्महत्या करने से पहले तिवारी ने अपनी बहन को मोबाइल फोन पर एक संदेश भेज कर कहा था कि मां से कहना कि मुझे माफ कर दे. केंवट ने बताया कि अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है.
अब तक तीन लोगों ने किया सुसाइड
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ अभी तक कोविड-19 के तीन मरीजों ने आत्महत्या की है. इनमें से दो ने जांजगीर चांपा जिले के कोविड केयर केन्द्र में और एक ने एम्स (रायपुर) में आत्महत्या की है.
कोरोना जांच को लेकर सरकार ने उठाया बड़ा कदम
हाल ही में कोरोना संकट से जूझ रहे लोगों को राहत देने के लिए भूपेश बघेल सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है. राज्य सरकार ने अब कोरोना जांच की दर तय कर दी है. छत्तीसगढ़ में अब निजी लैब में आरटी-पीसीआर जांच के लिए लोगों को 1600 रुपये देने होंगे. वहीं घर से सैंपल कलेक्ट करने के लिए लोगों को 1800 रुपये देना होगा. सरकार के निर्देश के मुताबिक, राज्य के बाहर के लैब में जांच के लिए 2000 और 2200 रुपये तय किए गए हैं. वहीं, तत्काल प्रभाव से जांच दर लागू करने के निर्देश सरकार की ओर से जारी किए गए हैं.