Last Updated:
छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की किल्लत के बीच प्रशासन अब पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है. रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध डीजल भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 620 लीटर डीजल जब्त किया है. वहीं गरियाबंद प्रशासन ने जमाखोरी रोकने के लिए पेट्रोल-डीजल बिक्री पर सख्त नियम लागू कर दिए हैं
छत्तीसगढ़ में 620 लीटर अवैध डीजल जब्त
रायपुर जिले में पेट्रोल-डीजल की कमी के बीच अवैध भंडारण और कालाबाजारी की आशंकाओं को देखते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है.रायपुर ग्रामीण पुलिस ने ग्राम पिरदा में छापेमार कार्रवाई करते हुए 620 लीटर डीजल जब्त किया. पुलिस के मुताबिक आरोपी संतदास बंजारे ने अपने बाड़े में अवैध रूप से डीजल छिपाकर रखा था.
कार्रवाई के दौरान पुलिस को 31 गैलनों में डीजल भरा मिला, जिसे बिना किसी वैध अनुमति के संग्रहित किया गया था. प्रारंभिक जांच में पुलिस को कालाबाजारी की आशंका है. फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके खिलाफ विधानसभा थाना में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डीजल कहां से लाया गया. इसे किस उद्देश्य से जमा किया गया था.
पेट्रोल-डीजल संकट के बीच सख्ती
इधर गरियाबंद जिले में भी पेट्रोल-डीजल की बढ़ती मांग और संभावित जमाखोरी को देखते हुए प्रशासन ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं. प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए हैं कि दोपहिया वाहनों में अधिकतम 300 रुपये तक और चारपहिया वाहनों में 1000 रुपये तक ही पेट्रोल दिया जाए.इसके अलावा पेट्रोल और डीजल को ड्रम, जरीकेन या बोतलों में बेचने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है. प्रशासन का मानना है कि बड़ी मात्रा में ईंधन खरीदकर कुछ लोग जमाखोरी कर सकते हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
रायपुर में 620 लीटर अवैध डीजल जब्त
हालांकि जरूरी सेवाओं को राहत दी गई है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवा वाहनों को जरूरत के अनुसार पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया जाएगा ताकि आपातकालीन सेवाएं प्रभावित न हों.प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले पेट्रोल पंप संचालकों और अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. लगातार बढ़ती निगरानी और कार्रवाई से साफ है कि सरकार और प्रशासन किसी भी हाल में ईंधन की कालाबाजारी और कृत्रिम संकट पैदा करने की कोशिशों को सफल नहीं होने देना चाहते है.
Source link