धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी के कुरुद थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक की संदिग्ध मौत हो गई है. युवक की मौत के बाद जमकर हंगामा हो रहा है. युवक के शव को रखकर नेशनल हाईवे पर परिजन व ग्रामीण प्रदर्शन कर रहे हैं. परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने युवक की बेरहमी से पिटाई की थी, जिसके बाद उसकी तबीयत काफी बिगड़ गई और उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. हालांकि पुलिस इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने तक कुछ भी कहने से इनकार कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक लुकेश्वर नामक 40 वर्षीय युवक को कुरूद थाना क्षेत्र की बिरेझर चौकी पुलिस ने बीते 10 जून को हिरासत में लिया था. युवक पर एक लड़की से छेड़छाड़ व उसे परेशान करने का आरोप था. बताया जा रहा है कि मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं की गई थी. इसलिए पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धारा 151 के तहत कार्रवाई की. इसके बाद उसे एसडीएम कोर्ट से छोड़ दिया गया. परिजनों का आरोप है कि पुलिस हिरासत से आने के बाद से ही युवक की तबीयत खराब हो गई. इसके बाद उसे 12 जून को शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया.
इलाज के दौरान मौत
नेशनल हाईवे पर हंगामा कर रहे दांतापार गांव के ग्रामीणों का कहना है कि शासकीय अस्पताल में इलाज सही नहीं होने से उसे 14 जून को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. बीते 15 जून को युवक ने इलाज के दौरान ही दम तोड़ दिया. परिजनों का आरोप है कि हिरासत में युवक की बेरहमी से पिटाई की गई, जिसके चलते उसकी मौत हुई है. नेशनल हाईवे पर हंगामा व जाम के वाहनों की लंबी कतार लग गई है. पुलिस अधिकारी मामले में पोस्टमार्टम आने के बाद ही कुछ बता पाने की बात कह रहे हैं. फिलहाल ग्रामीणों को नेशनल हाईवे खाली करने की समझाइस व जांच का आश्वासन दिया गया है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
FIRST PUBLISHED : June 16, 2022, 14:49 IST
Source link

