जंगल में भटके 3 अमेरिकी नागरिक, 7 घंटे सर्च ऑपरेशन चला पुलिस ने बचाया – Us tourist rescue operation rajaji national park forest dehradoon police

  • जंगल में अंधेरा होने पर भटक गए राह
  • सूचना मिलने पर पुलिस ने बनाई टीम
  • विदेशी सैलानियों ने किया धन्यवाद

अमेरिका के तीन सैलानियों का दल जंगल में रास्ता भटक गया. स्थानीय नागरिकों ने सड़क पर कार खड़ी कर तीनों विदेशी नागरिकों के जंगल में जाने और काफी देर बाद तक नहीं लौटने की सूचना पुलिस को दी.

मामला विदेशी नागरिकों के साथ जुड़े होने के कारण तुरंत सक्रिय हुई देहरादून पुलिस ने रेस्क्यू के लिए ऑपरेशन शुरू किया.  लगभग सात घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीनों अमेरिकी नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया.

बताया जाता है कि तीनों अमेरिकी नागरिक मसूरी से ऋषिकेश जा रहे थे. इसी बीच भंदूवाला, डोइवाला-दूधली मार्ग पर अपनी इनोवा कार खड़ी कर राजाजी नेशनल पार्क के अंदर घूमने चले गए. उन्हें अंदर जाते हुए कुछ स्थानीय नागरिकों ने देख लिया था. जब तीनों सैलानी काफी देर तक वापस नहीं लौटे और कार वहीं खड़ी रही, तो लोगों ने इसकी सूचना क्लेमटाउन थाने की पुलिस और वन विभाग को दी.

यह भी पढ़ें- CAA पर प्रदर्शन ने फीकी की ‘ताज’ की चमक, पर्यटकों के आंकड़ों में भारी गिरावट

पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन

सूचना पाकर हरकत में आई पुलिस ने विदेशी सैलानियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तत्काल टीमें गठित कर सर्च अभियान शुरू कर दिया. लगभग सात घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस विदेशी सैलानियों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बचाने में सफल रही.

तीनों ही विदेशी सैलानी, 39 साल के इथान (Ithan), 42 साल के टोबिआस जॉन (Tobias John) और 43 साल के मार्क एंड्रू (Mark andrew) अमेरिका के निवासी बताए जाते हैं.

यह  भी पढ़ें- CAA प्रदर्शन: विदेशी महिला को भारत छोड़ने को कहा, जर्मन छात्र भी किया जा चुका है डिपोर्ट

जंगल में भटकने को लेकर तीनों ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ मसूरी में रुके हुए हैं. वे ऋषिकेश घूमने जा रहे थे. रास्ते में राजाजी नेशनल पार्क दिखा, तो कार खड़ी कर अंदर घूमने चले गए. हालांकि अंधेरा होने के कारण वे रास्ता भटक गए थे.

विदेशी सैलानियों ने बचाव दल के साथ ही स्थानीय नागरिकों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने उनके जंगल में जाने और न लौट पाने की जानकारी पुलिस तक पहुंचाई.

DIG बोले- सभी का जीवन अनमोल

देहरादून के DIG अरुण मोहन जोशी ने कहा कि हमें जैसे ही विदेशी नागरिकों के जंगल के अंदर जाने और बाहर न आने की जानकारी मिली, तुरंत टीम गठित कर रेस्क्यू किया गया. उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि हमने सभी सैलानियों को सात घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बचा लिया.

डीआईजी जोशी ने कहा कि वे चाहे भारतीय पर्यटक हों या फिर विदेशी, पुलिस के लिए सभी का जीवन अनमोल है. उन्होंने कहा कि राजाजी नेशनल पार्क जंगली जानवरों से भरा हुआ है, ऐसे में पर्यटकों की जान को खतरा था.

जोशी ने साथ ही यह भी कहा कि अनाधिकृत क्षेत्रों में किसी भी नागरिक या पर्यटक को बगैर अनुमति के नहीं जाना चाहिए. इससे किसी भी अनहोनी से बचा जा सकता है.

आजतक के नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट और सभी खबरें. डाउनलोड करें

  • Aajtak Android App
  • Aajtak Android IOS




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here