ट्रम्प ने साबरमती आश्रम में चरखा चलाया, तीन बंदरों की थ्योरी समझी; फिर विजिटर बुक में लिखा- माय ग्रेट फ्रेंड मोदी, थैंक यू!

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प सोमवार को अहमदाबाद पहुंचे। एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रम्प को गले लगाकर स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता रोड शो करते हुए साबरमती आश्रम पहुंचे। यहां करीब 20 मिनट रुके। ट्रम्प और मोदी ने बापू की तस्वीर पर सूत की माला चढ़ाई। राष्ट्रपति और पत्नी मेलानिया ने चरखा चलाया और गांधी के तीन बंदरों वाली थ्योरी समझी। इसके बाद ट्रम्प ने विजिटर बुक में लिखा- ‘माय ग्रेट फ्रेंड मोदी, थैंक यू।’ ट्रम्प का बतौर राष्ट्रपति यह पहला भारत दौरा है।

आमतौर पर साबरमती आश्रम आने वाले विदेशी नेता विजिटर बुक में महात्मा गांधी के बारे में कुछ लिखते हैं, लेकिन ट्रम्प ने यहां महात्मा गांधी का जिक्र करने की बजाय प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद कहा। इसे लेकर ट्रम्प सोशल मीडिया पर ट्रोल भी हुए। हालांकि मोदी सरकार में साबरमती आश्रम आए चार अन्य विदेशी राष्ट्राध्यक्षों में से जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने भी महात्मा गांधी का कोई जिक्र नहीं किया था। आबे ने विजिटर बुक में अपने हस्ताक्षर के साथ महज ‘लव एंड थैंक यू’ लिखा था। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे सितंबर 2017 में पत्नी अकई समेत 2 दिनों के दौरे पर अहमदाबाद पहुंचे थे। उन्होंने मोदी के साथ 8 किमी लंबा रोड शो भी किया था।

आबे के बाद 17 जनवरी 2018 को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अपनी पत्नी के साथ यहां पहुंचे। उन्होंने मोदी के साथ अहमदबाद एयरपोर्ट से साबरमती आश्रम तक रोड शो भी किया था। उन्होंने विजिटर बुक में लिखा था, “मानवता और प्रेरणा के महान पैगंबरों में से एक ‘महात्मा गांधी’ की स्थली पर एक प्रेरणादायक यात्रा” इसके ठीक एक महीने बाद कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भी 19 फरवरी 2018 को साबरमती आश्रम का दौरा किया। वे अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ अहमदाबाद पहुंचे थे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी उनके साथ नहीं थे। यहां उन्होंने विजिटर्स बुक में लिखा, “ये बहुत सुंदर जगह है जो शांति, सत्य और सद्भावना को समेटे हुए है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here