- दिल्ली में कोरोना की जद में मेडिकल स्टाफ
- अब तक 524 मेडिकल स्टाफ कोरोना संक्रमित
- सरकारी से लेकर निजी अस्पतालों के स्टाफ संक्रमित
दिल्ली में कोरोना वायरस का प्रसार तेजी से बढ़ रहा है. कोरोना संक्रमितों से लेकर मौत का शिकार होने वाले लोगों की संख्या में अचानक उछाल आया है, जो बेहद चिंताजनक है. इससे भी बड़ी एक और चिंता ये है कि यहां अब तक 524 मेडिकल स्टाफ कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं. यानी जो लोग कोरोना का इलाज कर रहे हैं वो भी अब इस वायरस की जद में आ रहे हैं.
ताजा आंकड़े के मुताबिक, दिल्ली के 35 अस्पतालों में 524 मेडिकल स्टाफ कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं. इनमें डॉक्टर्स और नर्स के अलावा दूसरे स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल हैं. ये आंकड़ा दिल्ली के सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों के अलावा CATS एंबुलेंस से जुड़े स्वास्थ्यकर्मी का भी है.
सबसे ज्यादा मेडिकल स्टाफ बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल के हैं. यहां के 106 लोग कोरोना पॉजिटव निकल चुके हैं. जबकि दूसरे नंबर पर बाबू जगजीवन राम अस्पताल है, जहां के 75 स्टाफ कोरोना की चपेट में आये हैं.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें…
दिल्ली के 35 अस्पतालों की लिस्ट नीचे देखें—

दिल्ली पुलिस भी कोरोना की चपेट में
सिर्फ डॉक्टर या नर्स ही नहीं, दिल्ली पुलिस के कोरोना वॉरियर्स भी कोरोना का शिकार हो रहे हैं. दिल्ली पुलिस में बड़े पैमाने पर कोरोना का संक्रमण फैल रहा है. 12 मई तक दिल्ली पुलिस के कुल 143 जवान कोरोना संक्रमित हो चुके हैं. इनमें से 115 एक्टिव केस हैं. 11 मई को एक IPS अफसर भी कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं.
दिल्ली में बढ़ा मौत का आंकड़ा
दिल्ली में जहां कोरोना वॉरियर्स कोरोना की चपेट में आ रहे हैं, वहीं इस वायरस से अब मरने वालों की संख्या भी अचानक बढ़ने लगी है. 24 घंटे में यानी 11 मई रात 12 बजे से 12 मई रात 12 बजे तक कोरोना के 359 मामले आये हैं और डेथ समरी के आधार पर 20 मौत रिपोर्ट हुई हैं. बता दें कि कल मरने वालों का आंकड़ा स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने 86 बताया था. यानी अब कुल संख्या 100 के पार चली गई है. इसके साथ ही कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 7998 पहुंच गई है, जबकि 346 मरीज ठीक हो चुके हैं.
देश-दुनिया के किस हिस्से में कितना है कोरोना का कहर? यहां क्लिक कर देखें

