नमस्ते ओरछा महोत्सव में बिखरेगी संस्कृति की छटा


नमस्ते ओरछा महोत्सव में बिखरेगी संस्कृति की छटा


 


भोपाल : मंगलवार, फरवरी 18, 2020, 18:57 IST

प्राकृतिक सौन्दर्य, पुरातत्व और भक्ति के संगम ओरछा नगर में पहली बार मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की छटा बिखरेंगी। तीन दिन के ‘नमस्ते ओरछा महोत्सव” में पहले दिन 6 मार्च की शाम आंचलिक लोक नृत्य और आधुनिक नृत्य के कार्यक्रम होंगे। शास्त्रीय संगीत गायन और वादन के अन्तर्गत संतूर वादिका श्रुति अधिकारी कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी। क्लिंटन सेजेरो अपने विशेष संगीत के साथ मंच पर आयेंगे। उनके साथ गायिक शिल्पा राव भी गीत सुनाएंगी। मध्यप्रदेश के प्रख्यात लोक गायक प्रहलाद टिपानिया भी लोक संगीत की प्रस्तुति देंगे। म्यूजिक ग्रुप इंडियन ओशियन की विशेष प्रस्तुति भी देखने को मिलेगी। अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रियता हासिल कर चुके इस म्यूजिक ग्रुप की प्रस्तुतियाँ युवा वर्ग को झूम उठने पर विवश कर देंगी। महोत्सव में शास्त्रीय गायिका शुभा मुद्गल, गीतकार और गायक स्वानंद किरकिरे सहित अन्य प्रतिभाएँ भी मंच पर दिखाई देंगी।

निवाड़ी जिले के ऐतिहासिक और पर्यटन महत्व के स्थल ओरछा इन दिनों नया आकर्षक स्वरूप ग्रहण कर रहा है। इसे देख स्थानीय नागरिक भी उत्साहित हैं। ओरछा महोत्सव में मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के कलाप्रेमी बड़ी संख्या में इस मनोहारी महोत्सव के साक्षी बनेंगे। बड़े रेल जंक्शन झांसी से सिर्फ 15 किलोमीटर की दूरी होने के कारण ओरछा पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र रहता है। विश्व धरोहर स्मारक खजुराहो आने वाले देशी-विदेशी पर्यटक भी ओरछा आने का लोभ संवरण नहीं कर पाते।


अशोक मनवानी


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here