नहर में पड़ा मिला वृद्ध का शव परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

ललितपुर। थाना जाखलौन अंतर्गत ग्राम बरखेरा में मंगलवार की रात भर से गायब वृद्ध का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में पड़ा मिला। खोजबीन करने पर नहर किनारे खून मिलने पर नहर बंद कराकर पुलिस ने शव निकलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में हुए फलदान समारोह से रात में वृद्ध गायब हो गया था। वृद्ध के सिर में चोटें पाई गई हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।ग्राम बरखेरा निवासी शिव सिंह (75) पुत्र वृंदावन यादव मंगलवार की शाम को परिवार में शादी समारोह के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां से रात करीब आठ बजे गांव में एक फलदान समारोह में शामिल होने के लिए चले गए, जहां रात करीब ग्यारह बजे तक रहे। इसके बाद वह वहां से निकल गए, लेकिन रात भर वापस घर नहीं पहुंचे। अगले दिन सुबह होने पर परिजनों ने खोजबीन की। किसी ने बताया कि पास में निकली नहर के पास रात में उनकी आवाज आई थी। इस पर परिजनों व ग्रामीणों ने नहर के आसपास खोजबीन शुरू कर दी। इस दौरान कुछ दूर नहर किनारे सड़क पर खून पड़ा देखा तो परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। इस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की आशंका पर नहर बंद कराकर नहर में खोजबीन की। बुधवार की दोपहर बाद चार बजे उनका शव नकवाना माइनर की पुलिया के पास नहर में पड़ा मिला। मृतक के चेहरे पर चोटों के निशान थे, जबकि मुंह से खून निकला था। पुलिस ने नहर से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here