- कोरोना के असर से नेपाल में भी लॉकडाउन
- भारत-नेपाल की सीमा भी कर दी गई है सील
भारत के बाद पड़ोसी देश नेपाल ने भी लॉकडाउन की अवधि बढ़ा दी है. अब नेपाल में 27 अप्रैल तक लॉकडाउन रहेगा. इसके साथ ही नेपाल ने भारत से लगने वाली अपनी सीमा को अनिश्चितकाल तक के लिए पूर्ण रूप से बंद करने का फैसला किया है. रिपोर्ट के मुताबिक नेपाल में रह रहे जमातियों में कोरोना संक्रमण की संख्या बढ़ने और उनके भारत में घुसने की कोशिश के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है.
27 अप्रैल तक नेपाल में बढ़ाया गया लॉकडाउन
नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में नेपाल-भारत की सीमा को पूर्ण रूप से सील करने का फैसला लिया गया. साथ ही नेपाल ने तीसरी बार अपने यहां लॉकडाउन की अवधि को 27 अप्रैल तक के लिए बढ़ाने का भी फैसला किया है.
भारत-नेपाल बॉर्डर भी सील
दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में तबलीगी जमात से जुड़े सैकड़ों विदेशी भी शामिल हुए थे. इसमें नेपाल के लोग भी शामिल थे. भारत-नेपाल के बीच खुली सीमा का फायदा उठाकर कई लोग नेपाल में घुस गए हैं, नेपाल सरकार इनकी पहचान कर रही है. ऐसे लोगों के भारत में प्रवेश की आशंका को ध्यान में रखते हुए नेपाल सरकार ने यह फैसला किया है.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
इसके अलावा मरकज में शामिल होने वाले नेपाल के कई जमाती अभी भी भारत में मौजूद हैं. आशंका है कि भारतीय पुलिस की दबिश के बाद ये लोग भागकर नेपाल में प्रवेश कर सकते हैं, इसलिए भी सीमा को पूरी तरह से सील किया गया है.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें
मरकज से लौटा युवक कोरोना पॉजिटिव
रविवार को ही नेपाल में दिल्ली के मरकज से लौटे चार में से एक युवक में कोरोना पॉजिटिव मिला है जबकि दो जमाती चोरी-छिपे नेपाल में प्रवेश करने की फिराक में गिरफ्तार हो चुके हैं. इससे पहले जमात से जुड़े तीन भारतीयों में भी कोरोना पॉजिटिव मिलने से नेपाल की चिंता बढ़ गई है.
बता दें कि नेपाल में अब तक 15 लोगों में कोरोना वायरस मिला है, जिनमें 4 जमाती हैं. इनके संपर्क में आने वाली एक महिला के भी कोरोना वायरस से पीड़ित होने की पुष्टि हो गई है.
(इनपुट-पंकज दास)