प्रेमी को बुलाने 300 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ी युवती, पत्थर से बांधकर फेंकीं चिट्ठियां

देवास: प्रेम प्रसंग को लेकर परिजनों की असहमति से नाराज एक युवती रविवार को बागली-चापड़ा मार्ग स्थित करीब 300 फीट ऊंचे बीएसएनएल टॉवर पर चढ़ गई। टॉवर के ऊपरी छोर पर बैठकर उसने प्रेमी को मौके पर बुलाने की मांग की। युवती ने चिट्ठी के जरिए बताया कि दोनों की कोर्ट मैरिज हो चुकी है। दोनों के मोबाइल फोन परिवार के पास हैं। घटना दोपहर करीब 3 बजे की है।सड़क से लगभग 100 मीटर दूर टॉवर पर युवती को चढ़ते देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। बागली थाना प्रभारी जीवन भिंडोरे पुलिस बल के साथ पहुंचे।

पुलिस ने युवती को नीचे उतरने की समझाइश दी। उसकी बात पूरी कराने का भरोसा दिलाया, लेकिन वह नहीं मानी। युवती ने पत्थर से बांधकर चिट्ठियां नीचे फेंकी। इनमें प्रेमी को जल्द बुलाने की मांग की गई थी। दोनों के मोबाइल फोन वापस दिलाने की मांग भी की गई थी। उसने करीब चार चिट्ठियां पत्थर से बांधकर फेंकीं। बाद में बिना पत्थर के भी चिट्ठियां फेंकी। लोगों ने उन्हें पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। एक चिट्ठी में लिखा था- अब समय खत्म हो रहा है।पुलिस ने युवक के पिता और भाई को मौके पर बुलाया।

युवती को जानकारी दी, लेकिन वह नीचे नहीं उतरी। शाम करीब 6 बजे युवक मौके पर पहुंचा। उसे देखने के बाद युवती ने 6.15 बजे नीचे उतरना शुरू किया। 6.45 बजे वह टॉवर से नीचे आ गई। इसके बाद पुलिस ने एंबुलेंस से उसे बागली सिविल अस्पताल भेजा। मौके पर युवक की मां, पिता, भाई और मौजूद थे।बागली पुलिस के मुताबिक युवती का युवक से प्रेम प्रसंग था, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी कारण वह टॉवर पर चढ़ गई। उसे लगातार माइक से समझाइश दी गई,युवक को बुलाकर सकारात्मक चर्चा के बाद युवती नीचे उतरने के लिए तैयार हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here