बेटे को बचाने नदी में कूदा पिता, दोनों गहरे पानी में समाए, नर्मदा में SDRF की टीम कर रही रेस्क्यू

जबलपुर में बरगी डैम के 9 गेट खोले जाने के बाद नर्मदा नदी इन दिनों रौद्र रूप में बह रही है। तेज बहाव और बढ़े जलस्तर के बीच चरगवां थाना क्षेत्र के भड़पुरा घाट पर दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में डूब रहे 10 साल के बेटे को बचाने के लिए पिता ने गहरे पानी में छलांग लगा दी, लेकिन बेटे को बचाने की कोशिश में पिता भी तेज बहाव की चपेट में आ गए। देखते ही देखते दोनों नर्मदा के गहरे पानी में समा गए। हादसे के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। देर शाम तक पिता-पुत्र का कोई सुराग नहीं लग सका। फिलहाल एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची है जो सुबह होते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करेगी।पुलिस के मुताबिक महाराष्ट्र निवासी 34 वर्षीय गणेश कांताराम पाटिल अपने 10 वर्षीय बेटे लकी पाटिल और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भड़पुरा आश्रम में दर्शन करने पहुंचे थे। परिवार में करीब 15 लोग शामिल थे। आश्रम में दर्शन के बाद परिवार के कुछ बच्चे नर्मदा नदी के किनारे पहुंचे और पानी में खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक लकी का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। बेटे को पानी में डूबता देख पिता गणेश पाटिल ने बिना देर किए उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। पिता ने बेटे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नर्मदा नदी के तेज बहाव और गहराई के कारण दोनों पानी की चपेट में आ गए। कुछ ही पलों में पिता-पुत्र आंखों से ओझल हो गए।हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर मदद के लिए लोगों को बुलाया। स्थानीय लोगों ने नदी में उतरकर दोनों को तलाशने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही चरगवां थाना प्रभारी सरोजिनी चौकसे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। बताया जा रहा है कि बरगी डैम के 9 गेट खोले जाने के बाद नर्मदा का जलस्तर और बहाव काफी बढ़ा हुआ है। ऐसे में नदी के घाटों पर पानी का बहाव तेज बना हुआ है। इसी वजह से रेस्क्यू टीम को भी तलाश अभियान में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।इसके बाद SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने नदी के संभावित गहरे हिस्सों और आसपास के क्षेत्र में काफी देर तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन पिता-पुत्र का पता नहीं चल सका। अंधेरा बढ़ने के कारण फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया है। पुलिस और बचाव दल अब दोबारा तलाश अभियान चलाने की तैयारी में हैं। चरगवां थाना प्रभारी सरोजिनी चौकसे ने बताया कि परिवार महाराष्ट्र का रहने वाला है और धार्मिक यात्रा के लिए भड़पुरा आश्रम आया था। घटना के बाद घाट पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस ने परिवार के सदस्यों से जानकारी जुटाई है और दोनों की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।फिलहाल धार्मिक यात्रा पर निकले परिवार के लिए कुछ ही पलों में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। महाराष्ट्र में मौजूद परिजनों को हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिवार में भी चिंता और शोक का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here