सिवनी जिले के केवलारी के समीप शुक्रवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब सिवनी से मंडला जा रही एक यात्री बस चालक ने अचानक सड़क पर आ गए एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक को बचाने का प्रयास किया। युवक को बचाने के दौरान चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसमें सवार नौ यात्री घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना शुक्रवार शाम करीब 6 बजे नगर के वार्ड क्रमांक-4 बोथिया क्षेत्र में हुई। सरगम ट्रेवल्स की बस सिवनी से मंडला की ओर जा रही थी, जिसमें लगभग 25 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक एक मानसिक विक्षिप्त युवक सड़क पर आ गया। उसे बचाने के लिए चालक ने बस को मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और केवलारी पुलिस तथा 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को एम्बुलेंस की मदद से केवलारी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।चिकित्सकों के अनुसार, पांच यात्रियों को मामूली चोटें आई जिनका प्राथमिक उपचार कर उन्हें छुट्टी दे दी गई। वहीं चार अन्य लोगो का उपचार जारी है। सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।घायलो के नाम अनीश खान पिता कलीम खान उम्र 45 वर्ष,सजल पिता श्रीराम चौरसिया उम्र 30 वर्ष,कलमेश पिता तोड़ेलाल टेकाम उम्र 56 वर्ष,कृष्ण कुमार पिता रोशनलाल शिववंशी उम्र 40 वर्ष,शिवराम पिता सोहन बंशकार उम्र 30 वर्ष,रामकुमार पिता गणेशा कहार उम्र 60 वर्ष,भागचंद पिता लेखराम उइके उम्र 70 वर्ष,माहेश्वरी पति विनय टेकाम उम्र 45 वर्ष,राजाराम पिता डालचंद जंघेला उम्र 57 वर्ष है।घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम महेश अग्रवाल, एसडीओपी आशीष भंराडे तथा तहसीलदार केवलारी सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने चिकित्सकों को सभी घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा हरसंभव प्रशासनिक सहायता का भरोसा दिलाया।हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बस को हटवाकर सामान्य कराया। केवलारी पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण युवक को बचाने के प्रयास में बस का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज कर रही है।


