मुंबई: कोरोना वायरस से 36 साल के डॉक्टर की मौत, 24 घंटे में 242 केस – 36 year old doctor from govandi passes away due to covid 19

  • मुंबई में कोरोना की वजह से गई एक डॉक्टर की जान
  • डॉक्टर को 15 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया गया

मुंबई के उपनगरीय इलाके गोवंडी में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के चलते एक 36 वर्षीय जनरल फिजिशियन की मौत हो गई. उनका तीन अस्पतालों में इलाज चला, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. माना जा रहा है कि डॉक्टर को अस्पताल में एक मरीज से वायरस का संक्रमण हुआ था. डॉक्टर को कोई दूसरी गंभीर बीमारी नहीं थी. कोविड-19 के कारण उनके शरीर में कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया और एक्यूट रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस सिंड्रोम से उनकी मृत्यु हो गई. एसएल रहेजा अस्पताल में गुरुवार को 1.55 बजे उन्हें मृत घोषित किया गया.

डॉक्टर की तबियत 13 अप्रैल से ही खराब हुई थी, जब उनके शरीर में लूज मोशन और सांस फूलने जैसे लक्षण दिखने शुरू हुए थे. इसके बाद 15 अप्रैल को तड़के उन्हें सियॉन अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी कोरोना संक्रमण की जांच हुई और रिपोर्ट पॉजिटिव आई. चूंकि उनकी हालत बिगड़ती जा रही थी और सियॉन में आईसीयू बेड उपलब्ध नहीं था इसलिए उन्हें विद्याविहार के सोमैया अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया.

सोमैया में उनकी सांस की दिक्कत में सुधार हुआ लेकिन उन्हें डायलिसिस की जरूरत थी. जैसा कि वे एक संदिग्ध कोरोना वायरस के मरीज थे, सोमैया प्रशासन ने कहा कि उन्हें रहेजा अस्पताल में शिफ्ट करना होगा, क्योंकि वहां डायलिसिस की सुविधा मौजूद है.

कोरोना पर फुल कवरेज के लि‍ए यहां क्ल‍िक करें

डॉक्टर के 30 वर्षीय भाई ने ​बताया, “मेरे भाई को रहेजा अस्पताल में ऑक्सीजन पर शिफ्ट किया जाना था, कोई कार्डियक एम्बुलेंस नहीं थी जो कि एक कोविड मरीज के लिए चाहिए. वे वेंटिलेटर पर थे. उसकी बिगड़ती हालत देखकर हमने उन्हें एक सामान्य एम्बुलेंस में शिफ्ट कर दिया. उनकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी.”

डॉक्टर की हालत बिगड़ती रही, उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया, लिवर ने काम करना बंद कर दिया, एक्यूट रीनल फेल्योर और ब्लीडिंग डिसऑर्डर हो गया. बुधवार देर रात उन्हें बचाने के तमाम प्रयासों के बाद भी उनकी हालत खराब होती गई. अंतत: उनकी मौत हो गई और डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

डॉक्टर के भाई ने कहा, “हमें यह समझने का मौका ही नहीं मिला कि उन्हें यह संक्रमण कैसे हुआ. सियॉन अस्पताल जाने से पहले हमने कोशिश की कि कस्तूरबा अस्पताल में बिस्तर मिल जाए, लेकिन हमें कहा गया कि कोई बिस्तर उपलब्ध नहीं है.”

एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ ओम श्रीवास्तव ने कहा, “यह ऐसी चीज है जिसके बारे में हमें बहुत सावधान रहने की जरूरत है. अगर स्वास्थ्यकर्मी इस तरह से संक्रमित हो रहे हैं तो हमें उन्हें सबसे अच्छी देखभाल की सुविधा मुहैया कराने में सक्षम होना चाहिए.”

मुंबई में पिछले 24 घंटों में 242 नए मामले

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 394 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं. इसी दौरान राज्य में कोरोना से 18 लोगों की मौत हो चुकी है. राज्य में अब तक इस वायरस की वजह से 301 लोगों की जान जा चुकी है.

कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें…

महाराष्ट्र में कोरोना के कुल पॉजिटिव केस 6817 हैं, जबकि मुंबई से ही सिर्फ 4447 मरीज हो चुके हैं. मुंबई में कोरोना से अब तक 178 लोगों की जान जा चुकी है. मुंबई में पिछले 24 घंटों में 11 लोगों की जान जा चुकी है. इसी दौरान मुंबई से 242 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं.

आजतक के नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट और सभी खबरें. डाउनलोड करें




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here