मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विकास परियोजना को लेकर कहा है कि सरकार की सद्भावना सभी नागरिकों के साथ है। परियोजना से प्रभावित लोगों की समस्याओं और जायज मांगों को सुनने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन को निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ पूरे तथ्य सामने रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की गलती या भ्रम की स्थिति न रहे। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की वास्तविक समस्याओं का समाधान संवाद और तथ्यात्मक तरीके से किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने परियोजना को बुंदेलखंड के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। परियोजना से बुंदेलखंड में रोजगार और आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी तथा भुखमरी और पलायन जैसी समस्याओं को दूर करने में मदद मिलेगी।
वहीं, मुख्यमंत्री ने परियोजना को लेकर भ्रम फैलाने और राजनीतिक लाभ लेने के प्रयासों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जनहित और विकास से जुड़ी परियोजनाओं को बदनाम करने या लोगों को बरगलाने की कोशिशों की वह निंदा करते हैं।मुख्यमंत्री ने मीडिया के माध्यम से लोगों से अपील की कि परियोजना को लेकर तथ्यहीन बातें और गलत धारणाएं न फैलाएं। सरकार प्रभावित लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए संवाद और समाधान के लिए तैयार है।


