मुख्यमंत्री श्री चौहान 24 घंटे के लिए स्वास्थ्य आग्रह पर बैठेंगे
मिंटो हॉल में गांधी प्रतिमा के पास 6 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से स्वास्थ्य आग्रह करेंगे
भोपाल : सोमवार, अप्रैल 5, 2021, 21:45 IST

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज अपनी कोरोना जन-जागरूकता नगर यात्रा के समापन अवसर पर बैरागढ़ में कहा है कि वे 6 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से मिंटो हॉल में गांधी प्रतिमा के पास 24 घंटे के लिए स्वास्थ्य आग्रह पर बैठेंगे। इस दौरान वे कोरोना के संबंध में चिकित्सा विशेषज्ञों, धर्मगुरुओं, जन-प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, कैबिनेट के साथियों, मीडिया आदि के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा भी करेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान इसी स्थल पर कोरोना संबंधी बैठक भी करेंगे।
खुले आसमान के नीचे लगेगा मुख्यमंत्री कार्यालय
मुख्यमंत्री श्री चौहान के 24 घंटे के स्वास्थ्य आग्रह के दौरान मिंटो हॉल में गांधी की प्रतिमा के पास ही खुले आसमान के नीचे मुख्यमंत्री कार्यालय संचालित होगा।
मैं कोरोना स्वयं-सेवक अभियान
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना संक्रमण को समाप्त करने में हर व्यक्ति की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 6 अप्रैल से प्रदेश में ‘मैं कोरोना स्वयं-सेवक हूँ’ अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। कोई भी व्यक्ति 181 नंबर पर संपर्क कर कोरोना वॉलिंटियर के रूप में अपना पंजीयन करवा सकता है। कोरोना स्वयं-सेवक आमजन को मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग रखने, वैक्सीनेशन करवाने (45 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों को) आदि के लिए प्रेरित करेंगे और इस कार्य में उनकी मदद भी करेंगे।
पंकज मित्तल
Source link

