- औरेया में सिपाही के परिवार में 11 सदस्य
- सदस्यों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे
औरैया में उस वक्त हड़कंप मच गया जब पता चला कि वहां का कानपुर में तैनात एक सिपाही कोरोना पॉजिटिव है. परेशानी की बात इसलिए खड़ी हो गई क्योंकि सिपाही कुछ दिन पहले औरैया जिले के बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गोपियापुर में अपने पैतृक गांव आया हुआ था.
इस खबर की जानकारी मिलते ही अधिकारी आनन-फानन में डॉक्टरों की टीम के साथ गोपियापुर पहुंच गए. पूरे गांव को सील कर दिया गया. तत्काल डॉक्टरों की टीम ने अपना काम शुरू कर दिया. गांव के लोगों के चेकअप किए जाने लगे. सिपाही कानपुर में तैनात है लेकिन एक हफ्ते पहले वह अपने गांव गोपियापुर में अपनी पत्नी को ले जाने आया हुआ था. सिपाही रात में अपने घर रुका और दूसरे दिन अपनी पत्नी को लेकर कानपुर चला गया. सिपाही का कानपुर में जब चेकअप हुआ तो वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
सिपाही की रिपोर्ट जैसे ही पॉजिटिव आई, सबसे पहले उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया. उसके बाद उसकी कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग (संपर्क का पता) शुरू हुई. पता चला कि अभी हाल में वह अपने गांव गया था. यह जानकारी सामने आते ही डॉक्टरों की टीम अधिकारियों के साथ सिपाही के गांव पहुंची और उसे सील किया.
अब सिपाही के सभी घरवालों की जांच कराई जा रही है. संक्रमण आगे न फैले, इसके लिए पूरे गांव को क्वारनटीन में रखा गया है. लोगों को एक दूसरे से अलग रहने के आदेश दिए गए हैं. सिपाही के परिवार में 11 लोग हैं जिन्हें औरेया जिले के 100 बेड वाले अस्पताल में दाखिल कराया गया है. सभी लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें…
अभी हाल ही में वाराणसी से भी एक ऐसी ही खबर आई थी जिसमें सात पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे. सातों पुलिस वाले एक ही चौकी पर तैनात थे. कुछ दिनों पहले ही कोरोना के लक्षण की शिकायत मिलने पर 14 पुलिसकर्मियों को एक गेस्ट हाउस में क्वारनटीन किया गया था. इन 14 पुलिसकर्मियों में से सात की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई.
हैरानी की बात यह है कुछ दिनों पहले ही एसएसपी ने क्वारनटीन किए गए सभी पुलिसकर्मियों के ठीक होने और किसी तरह के लक्षण न पाए जाने की बात कही थी. यूपी में एक साथ सात पुलिसकर्मियों के पॉजिटिव पाए जाने की यह पहली घटना थी. सातों पुलिसकर्मी वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र के नगर निगम चौकी में तैनात थे.

