- वीडियो-ऑडियो कॉन्फ्रेंस से पार्टी नेताओं को संबोधित कर रहे नड्डा
- पार्टी कार्यकर्ताओं को लगातार दिशा-निर्देश दे रहे हैं बीजेपी अध्यक्ष
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए 25 मार्च से पूरे देश में लॉकडाउन लागू है. लॉकडाउन के कारण वीडियो कॉन्फ्रेंस संवाद का एक अहम माध्यम बन गया है. राजनीतिक पार्टियां भी इसी का सहारा ले रही हैं. भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा पार्टी के नेताओं तक अपनी बात पहुंचाने और संवाद के लिए इसी का सहारा ले रहे हैं. वह अब तक 60 वीडियो कॉन्फ्रेंस और 20 ऑडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए पार्टी नेताओं को संबोधित कर चुके हैं.
देश में लागू हुए लॉकडाउन के बाद से जेपी नड्डा बीजेपी सांसदों, राष्ट्रीय पदाधिकारियों, विधायकों, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश बीजेपी के पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, प्रदेशों के संगठन मंत्रियों, देश भर बीजेपी के आईटी सेल के कार्यकर्ताओं, एससी मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों को अब तक इस माध्यम से संबोधित कर चुके हैं.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
जेपी नड्डा ने अपनी सभी कॉन्फ्रेंस कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में अहम भूमिका निभाने पर जोर दिया है. बीजेपी अध्यक्ष ने अपने इन कॉन्फ्रेंस में सभी से कहा कि हमको जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए. उन्होंने इस दौरान पार्टी नेताओं को लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों को राशन से लेकर और खाना पहुंचाने का निर्देश दिया. जेपी नाड्डा ने पार्टी स्तर पर लॉकडाउन से जिन लोगों को परेशानी है, उनकी सहायता के लिए सभी राज्यों में पार्टी की हेल्पलाइन शुरू कराई.
लॉकडाउन की शुरुआत में जेपी नड्डा ने सभी प्रदेशों को निर्देश दिए थे कि बीजेपी की तरफ से देश भर में पार्टी के एक करोड़ कार्यकर्ता हर रोज पांच करोड़ लोगों के भोजन का इंतजाम करेंगे.
मंगलवार को बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश के पश्चिमी एवं ब्रज क्षेत्र के सांसदों से कोरोना महामारी के समय जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यों को लेकर समीक्षा की.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें…
उन्होंने ट्वीट कर बताया कि आज गोरखपुर-काशी क्षेत्र, उत्तर प्रदेश के भाजपा सांसदों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस में उनके संसदीय क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की. सभी सांसदों को उनके अथक परिश्रम के लिए साधुवाद देता हूं. इस विपरीत परिस्थिति में कार्यकर्ताओं ने बहुत मेहनत की है.


