भोपाल। मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने गुरुवार को वन विभाग की समीक्षा बैठक में संगठित वन अपराधों की रोकथाम के लिए राज्य स्तरीय टास्क फोर्स के गठन तथा वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए कमांड एवं कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जंगलों में स्थित जनजातीय समुदायों के देवस्थानों का विकास उनकी परंपराओं, रीति-रिवाजों और आस्था के अनुरूप किया जाए। प्रदेश में इस वर्ष 300 देवस्थानों के जीर्णोद्धार का लक्ष्य रखा गया है, जबकि अब तक 1,421 देवस्थलों का संरक्षण किया जा चुका है।
बैठक में तेंदूपत्ता संग्रहण की समीक्षा भी की गई। वर्ष 2026 में प्रदेश में कुल 17.76 लाख मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहित किया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि तेंदूपत्ता संग्राहकों को इस वर्ष कुल 710.71 करोड़ रुपये की बोनस राशि वितरित की जाएगी, जिससे लाखों वनाश्रित परिवारों को आर्थिक लाभ मिलेगा।मुख्यमंत्री ने वन संपदा के संरक्षण के साथ-साथ वनवासियों के कल्याण और उनकी आजीविका को मजबूत बनाने पर भी विशेष जोर दिया।


