भोपाल, ब्यूरो। मध्य प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान आज से मध्य प्रदेश में पेसा एक्ट लागू कर रहे हैं। शिवराज ने कहा कि जल-जंगल-जमीन संबंधित अनेकों अधिकार जो हमारे जनजातीय भाई-बहनों की जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक थे, वह हम देने जा रहे हैं। आज एक सामाजिक क्रांति मध्यप्रदेश की धरती पर हो रही है। सौभाग्य है कि इस अवसर पर राष्ट्रपति जी पधार रही हैं। मैं एक बात स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि पेसा के नियम सामाजिक समरसता के साथ लागू किए जाएंगे। 89 जनजातीय ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले जनजातीय ग्रामों में यह नियम लागू होंगे। यहां जो ग्राम सभा बनेगी उसमें स्थानीय समुदाय की सहभागिता रहेगी। आज ही जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। इस दिवस को मनाने के पीछे हमारा पुनीत उद्देश्य है कि देश व जनजातीय समाज के गौरव, गरिमा और अस्मिता को अक्षुण्ण रखने के लिए आत्मोसर्ग करने वाली महान विभूतियों की यशगाथा को आने वाली पीढ़ियां आत्मसात कर पाएं, उनके योगदान का स्मरण करें। गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू मध्य प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर आ रही है। पहले दिन आज 15 नवंबर को शहडोल जिले के लालपुर में वे जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में शामिल होकर पेसा एक्ट लागू करेंगे। राष्ट्रपति के मुख्य आतिथ्य में हो रहे इस कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल अध्यक्षता करेंगे और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विशिष्ट आतिथ्य में कार्यक्रम संपन्न होगा।


