सरकारी स्कूल में फूड प्वाइजनिंग की आशंका, 35 बच्चों को अस्पताल लाया गया

इंदौर के सांवेर क्षेत्र के सहाना गांव में स्थित एक माध्यमिक सरकारी स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया, जब मध्याह्न भोजन करने के बाद कुछ बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। फूड प्वाइजनिंग की आशंका के चलते करीब 35 बच्चों को जांच और इलाज के लिए इंदौर के अरविंदो अस्पताल लाया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम और विशेषज्ञ डॉक्टर भी मौके पर पहुंचे और बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की जांच की।जानकारी के मुताबिक, स्कूल में रोजाना की तरह बच्चों को मध्याह्न भोजन में कढ़ी-चावल परोसे गए थे। भोजन करने के कुछ देर बाद एक के बाद एक तीन बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। कुछ बच्चों को उल्टी की शिकायत होने लगी, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी। बीमार बच्चों को उपचार के लिए अरविंदो अस्पताल पहुंचाया गया। बच्चों की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलने के बाद एहतियात के तौर पर स्कूल में मौजूद अन्य बच्चों को भी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी जांच की। कुल करीब 35 बच्चों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया। अस्पताल में जांच और उपचार के बाद अधिकांश बच्चों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। अधिकारियों के मुताबिक, बच्चों के बीमार होने की सूचना मिलने के तत्काल बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हुई और बच्चों की स्थिति का जायजा लिया गया। फिलहाल किसी भी बच्चे की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है। एक-दो बच्चों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है और उनका उपचार जारी है।फिलहाल फूड प्वाइजनिंग की वास्तविक वजह क्या रही, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम भोजन के नमूने और अन्य तथ्यों की जांच कर सकती है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि भोजन के कारण बच्चों की तबीयत बिगड़ी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। घटना के बाद स्कूल में भी एहतियाती कदम उठाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग और डॉक्टरों की निगरानी में बच्चों का उपचार किया जा रहा है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी गंभीर घटना की सूचना नहीं है और अधिकांश बच्चों की हालत स्थिर एवं सामान्य बताई जा रही है। प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच के बाद ही फूड प्वाइजनिंग के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here