पुलिस ने जमीन खोदकर शव को बाहर निकाला.
Dantewada News: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के दंतेवाड़ा (Dantewada) में नक्सलियों (Naxalite) की कायराना करतूत सामने आई है.
दंतेवाड़ा के कटेकल्याण थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने वारदात को अंजाम दिया है. मड़ गादम के बड़े गाटव निवासी लखमा कवासी को मंगलवार देर रात नक्सली उठाकर ले गए और गला रेतकर हत्या कर दी. बुधवार की देर शाम उसका शव बरामद किया जा सका. बता दें कि बीते 1 जनवरी को लखमा कवासी के बेटे जोगा कवासी ने सरेंडर किया था. इसके बाद से वो नक्सलियों के टारगेट पर था.
जनअदालत लगाने का दावा
मड़ गादम के बड़े गाटव निवासी नक्सली जोगा कवासी ने एक जनवरी को सरेंडर कर दिया था. बताया जा रहा है कि इसके बाद पुलिस ने उसे गोपनीय सैनिक बना दिया था. अपने साथी से बदला लेने के लिए नक्सलियों ने उसके बूढ़े पिता की ही हत्या कर दी. नक्सलियों द्वारा जारी पर्चे में दावा किया गया है कि उन्होंने जन अदालत लगाया था. इसमें लखमा कवासी को मौत का फैसला लिया गया. सरेंडर करने वाले अपने साथियों को नक्सली लगातार धमकी दे रहे हैं. नक्सलियों की कटेकल्याण एरिया कमेटी ने 10 फरवरी की सुबह पर्चा फेंककर सरेंडर करने वाले अपने साथियों को गद्दार बताया था.

