सांप के डसने से दो मासूम बहनों की मौत, सोते समय घर में घुसा सांप, दो मासूम बहनों को डसा, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने मृत घोषित किया

श्योपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गलमान्या गांव में घर के अंदर सो रही दो मासूम बहनों की सांप के डसने से मौत हो गई। मृत बच्चियों में एक की उम्र करीब चार साल, जबकि दूसरी महज आठ माह की थी। परिजनों के मुताबिक दोनों बच्चियां अपनी मां के साथ बिस्तर पर सो रही थीं। रात में अचानक बड़ी बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिजनों की नींद खुली तो कमरे में सांप दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि सांप ने दोनों बच्चियों को डस लिया और इसके बाद कमरे से बाहर निकल गया। परिजन आनन-फानन में दोनों बच्चियों को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।श्योपुर जिले के गलमान्या गांव में रविवार रात एक परिवार के लिए ऐसी रात बन गई, जिसे वह शायद ही कभी भूल पाएगा। घर में रोज की तरह खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य सोने चले गए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर बाद घर में मौजूद एक जहरीला सांप दो मासूम बच्चियों की जान ले लेगा।पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार गलमान्या निवासी मुकेश बैरवा ने बताया कि 27 सितंबर की रात करीब 10 बजे वह अपनी पत्नी गीताबाई और बेटियों गिरिजा, पूर्ति व मीनाक्षी के साथ खाना खाने के बाद सो गया था। मुकेश और उसकी बड़ी बेटी गिरिजा पलंग पर सो रहे थे, जबकि करीब चार वर्षीय पूर्ति और आठ माह की मीनाक्षी अपनी मां गीताबाई के साथ बेड पर सो रही थीं।रात करीब 11 बजे अचानक घर में पूर्ति के रोने की आवाज सुनाई दी। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर मुकेश और उसकी पत्नी की नींद खुल गई। परिजनों के मुताबिक जब उन्होंने देखा तो एक सांप बच्ची को डसने के बाद वहां से निकल रहा था। इसी दौरान सांप ने पास में सो रही महज आठ माह की मीनाक्षी को भी डस लिया।परिजनों के अनुसार सांप दोनों बच्चियों को डसने के बाद बेड से नीचे उतरा और कमरे से बाहर निकल गया। मुकेश और उसकी पत्नी ने सांप को कमरे से बाहर जाते हुए देखा। अचानक हुई इस घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई। दोनों बच्चियों की हालत बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टियां होने लगीं।इलाज के लिए अस्पताल ले गए परिजनबच्चियों की हालत बिगड़ते देख परिजनों ने समय गंवाए बिना दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। परिवार को उम्मीद थी कि इलाज मिलने के बाद दोनों मासूमों की जान बच जाएगी, लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच की और दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया।चार साल की पूर्ति और आठ माह की मीनाक्षी की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में कुछ देर पहले तक बच्चों की आवाजें गूंज रही थीं, वहां देखते ही देखते मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।एक ही रात में उजड़ गया परिवार का संसारघटना की सबसे मार्मिक बात यह है कि दोनों मासूम बहनें अपनी मां के साथ एक ही बिस्तर पर सो रही थीं। रात में अचानक सांप के पहुंचने और दोनों बच्चियों को डसने की घटना ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है। ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह घरों में सांप निकलने की घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन एक ही घटना में दो मासूम बच्चियों की मौत ने गांव में भी शोक का माहौल पैदा कर दिया है।पुलिस ने दर्ज की जानकारी, जांच शुरूघटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने सूचनाकर्ता मुकेश बैरवा की रिपोर्ट के आधार पर मामले की जानकारी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।फिलहाल दो मासूम बहनों की मौत से परिवार सदमे में है। चार साल की पूर्ति और महज आठ माह की मीनाक्षी की दर्दनाक मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। घटना ने एक बार फिर बरसात के मौसम में घरों में जहरीले जीव-जंतुओं से बचाव और रात के समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here