सुश्री उषा ठाकुर ने किया अध्यक्ष का पदभार ग्रहण
भोपाल : गुरूवार, दिसम्बर 24, 2020, 18:56 IST

पर्यटन, संस्कृति एवं अध्यात्म मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने आज म.प्र. राज्य पर्यटन विकास निगम के भदभदा रोड स्थित पर्यटन भवन, मुख्यालय पहुँचकर म.प्र. राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण किया। निगम के प्रबंध संचालक श्री एस. विश्वनाथन ने सुश्री ठाकुर को इकाईयों एवं निगम द्वारा किये जा रहे निर्माण एवं विकास कार्यों सहित निगम की गतिविधियों के साथ ही निगम की समस्त इकाईयों में कोविड-19 के संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम के लिए किये जा रहे इंतज़ामों से भी अवगत कराया। तत्पश्चात सुश्री ठाकुर ने प्रबंध संचालक सहित निगम के विभागाध्यक्षों के साथ आगामी योजनाओं पर भी गहन चर्चा की। उन्होंने प्रदेश में पर्यटकों के आगमन में वृद्धि व उनकी सुरक्षा के लिये आवश्यक कदम उठाये जाने पर जोर दिया। सुश्री ठाकुर ने निगम के अधिकारियों को वर्तमान योजनाओं को शीघ्र क्रियान्वित करने के लिये भी निर्देंशित किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में पर्यटन की असीम संभावनाएँ हैं, इसे देश ही नहीं, वरन् विश्व के मानचित्र पर उभारने के लिए भी आवश्यक कदम उठाये जायेंगे।
इससे पूर्व सुश्री ठाकुर ने अधिकारियों के साथ निगम मुख्यालय पर्यटन भवन का निरीक्षण भी किया।
सुनीता दुबे
Source link


