स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर बड़ा खेल! बिना वैध दस्तावेज संचालित अस्पताल पर प्रशासन का शिकंजा, SDM मंजूषा खत्री का बड़ा एक्शन

आरोन में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर नियमों की अनदेखी करने वाले निजी संस्थानों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम मंजूषा खत्री के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने भोपाल मल्टी केयर हॉस्पिटल, इंदौर पैथोलॉजी लैब और भोपाल मल्टी केयर मेडिकल स्टोर पर औचक निरीक्षण कर दस्तावेजों की गहन जांच की।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल, पैथोलॉजी लैब और मेडिकल स्टोर के पंजीयन, लाइसेंस, संचालन की अनुमति तथा अन्य वैधानिक दस्तावेजों की जांच की गई। जांच के दौरान भोपाल मल्टी केयर हॉस्पिटल और इंदौर पैथोलॉजी लैब के संचालक आवश्यक दस्तावेज तत्काल प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर एसडीएम मंजूषा खत्री ने दोनों संस्थानों का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करने के आदेश जारी कर दिए।

कार्रवाई के दौरान भोपाल मल्टी केयर मेडिकल स्टोर में भी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उसे भी तत्काल बंद करा दिया गया। प्रशासन ने संबंधित विभाग को नियमानुसार आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।इस कार्रवाई के बाद आरोन क्षेत्र के निजी अस्पतालों, पैथोलॉजी लैब और मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुमति, बिना लाइसेंस अथवा नियमों का उल्लंघन कर संचालित किसी भी स्वास्थ्य संस्थान के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

एसडीएम मंजूषा खत्री ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे और अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन की इस कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दिया है कि मरीजों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में पारदर्शिता और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here