सिवनी न्यायालय का फैसला, पीड़ित बच्ची को 4 लाख रुपये प्रतिकर देने के निर्देशबालाघाट। जिस रिश्ते में एक बच्ची को सुरक्षा और स्नेह मिलना चाहिए, उसी रिश्ते की मर्यादा तार-तार करने वाले आरोपी को न्यायालय ने कठोर सजा सुनाई है। चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में विशेष न्यायालय वारासिवनी ने आरोपी को दो अलग-अलग धाराओं में आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही कुल 4 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। न्यायालय ने पीड़ित बच्ची को हुए मानसिक और शारीरिक आघात को देखते हुए 4 लाख रुपये प्रतिकर राशि दिलाने के लिए भी आदेशित किया है।यह फैसला 26 नवंबर को विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) कविता इवनाती की अदालत ने सत्र प्रकरण क्रमांक एससी 20/2023 में सुनाया। मामले में दोषी लक्ष्मीप्रसाद उर्फ सोनू सपाटे (24 वर्ष), निवासी ग्राम बोट्टा हजारी, थाना लालबर्रा को पॉक्सो एक्ट की धारा 5(ड) सहपठित धारा 6 तथा धारा 5(क्र) सहपठित धारा 6 के तहत दो बार आजीवन कारावास और प्रत्येक धारा में 2 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया गया। अर्थदंड जमा नहीं करने पर तीन माह का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा।खेलती मासूम को बनाया हवस का शिकार..अभियोजन के अनुसार, घटना 7 अक्टूबर 2023 की है। बच्ची की मां पड़ोस में रहने वाले अपने रिश्तेदार के घर गई थी। बच्ची भी उसके पीछे-पीछे वहां पहुंच गई। घर के आंगन में महिलाएं बातचीत कर रही थीं, जबकि आरोपी लक्ष्मीप्रसाद नल सुधारने का काम कर रहा था। इसी दौरान बच्ची आरोपी के साथ खेल रही थी। कुछ देर बाद आरोपी कमरे के अंदर चला गया और बच्ची भी उसके पीछे कमरे में पहुंच गई। करीब आधे घंटे बाद बच्ची कमरे से बाहर आई तो उसका पेंट गीला था और वह घबराई हुई लग रही थी। मां ने पूछताछ की तो बच्ची ने आरोपी द्वारा उसके साथ गलत हरकत किए जाने की जानकारी दी। इसके बाद मां ने परिजनों को घटना बताई और लालबर्रा थाने में शिकायत दर्ज कराई।न्यायालय ने सुनाई दोहरा आजीवन कारावास…मामले में लालबर्रा पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना के बाद अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। सुनवाई और साक्ष्यों के परीक्षण के बाद न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए दोहरे आजीवन कारावास की सजा सुनाई। न्यायालय ने पीड़ित बच्ची को पहुंचे मानसिक एवं शारीरिक आघात को ध्यान में रखते हुए 4 लाख रुपये प्रतिकर राशि दिलाने की अनुशंसा की है। इसके लिए निर्णय की प्रति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालाघाट को भेजी गई है।प्रकरण में अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक एवं एडीपीओ ऋतुराज कुमरे ने पैरवी की। पूरी कार्रवाई सहायक निदेशक अभियोजन कपिल कुमार डेहरिया के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।


