बांधवगढ़ में 5 दिवसीय गज महोत्सव का शुभारंभ, बारिश के बीच दिखा कैम्प हाथियों का रोमांच

उमरिया। विश्वप्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 24 सितंबर से पांच दिवसीय हाथी पुनर्यौवनीकरण कैम्प एवं गज महोत्सव 2026 का शुभारंभ किया गया। धमोखर बफर क्षेत्र के परासी गेट के समीप आयोजित उद्घाटन समारोह में झमाझम बारिश के बीच कलेक्टर सहित जिले के अधिकारी, स्थानीय ग्रामीण, आमजन और विभिन्न ईडीसी अध्यक्ष शामिल हुए।कार्यक्रम में सहायक संचालक धमोखर मितेन्द्र चिचखेड़े ने बांधवगढ़ में कार्यरत कैम्प हाथियों की जानकारी दी। वहीं उप संचालक योहान कटारा ने हाथी पुनर्यौवनीकरण कैम्प के उद्देश्य और आयोजन की जानकारी साझा की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राखी सहाय ने हाथी महोत्सव को अभूतपूर्व अनुभव बताते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला।बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में वर्तमान में 15 कैम्प हाथी कार्यरत हैं। इनमें 4 हाथी रेस्क्यू ऑपरेशन और 2 हाथी अनुश्रवण कार्य में लगे हैं, जबकि 9 हाथियों को पुनर्यौवनीकरण कैम्प में शामिल किया गया है। इस दौरान कृष्णा नामक नर हाथी अपनी अठखेलियों और उछलकूद से आकर्षण का केंद्र बना रहा। कृष्णा का जन्म अक्टूबर 2025 में बांधवगढ़ में हुआ था और 31 दिसंबर 2025 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बांधवगढ़ प्रवास के दौरान उसका नामकरण किया था।इस वर्ष परासी गेट को आयोजन स्थल बनाया गया है, जिससे बफर क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय ग्रामीणों को हाथियों के बारे में जानकारी और जागरूकता का अवसर मिल सके।गज महोत्सव का उद्देश्य कैम्प हाथियों और उनके महावतों व चारा कटरों को अवकाश देना, हाथियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराना, उन्हें पसंदीदा भोजन उपलब्ध कराना और विशेष देखभाल करना है। साथ ही स्थानीय समुदाय को हाथियों के करीब से परिचित कराने तथा वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here