देवास की प्रसिद्ध माताजी टेकरी पर गिरे पत्थर,

देश-प्रदेश में आस्था का प्रमुख केंद्र देवास की प्रसिद्ध माताजी टेकरी पर रविवार देर शाम को क्षरण हुआ। पहाड़ी से माताजी टेकरी के परिक्रमा मार्ग पर कुछ बड़े पत्थर गिरे। इस दौरान क्षरण को रोकने के लिए लगी जालियां भी टूट गई। जानकारी लगते ही सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी माताजी टेकरी पहुँचे। तहसीलदार निधि राजपूत भी पहुँची। और मौके का निरीक्षण किया। जो पत्थर नीचे गिरे हुए थे उन्हें रास्ते से हटाने का काम शुरू किया गया। टेकरी पर कालिका माता मंदिर व अष्टभुजा माता मंदिर के बीच में यह पत्थर गिरे थे। जिस समय घटना हुई उस समय टेकरी पर ज्यादा आवाजाही नहीं थी। बारिश के कारण लोग मार्ग पर/रास्ते में नहीं थे।दरअसल रविवार शाम देवास में अचानक तेज हवा आंधी के साथ बारिश हुई, ओले गिरे। और इसी के चलते पहाड़ी पर क्षरण की यह घटना हुई है। आपको बता दें कि देवास की प्रसिद्ध माताजी टेकरी पर माँ तुलजा भवानी और माँ चामुण्डा देवी का मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है। इसके पहले भी माताजी टेकरी पर क्षरण हो चुका है।

वर्ष 2023 में हनुमान मंदिर के पास बडी़ संख्या में ऊपर से पत्थर गिरे थे, भूस्खलन हुआ था। इसके पहले भी यहाँ भूवैज्ञानिकों के दल ने जब सर्वे किया था तब भी यहाँ की चट्टान को देखकर क्षरण की बात कही थी। और इसी के बाद क्षरण को रोकने के लिए टेकरी पर जालियां लगाई गई थी ताकि पत्थर न खसके और कोई जनहानि न हो।रविवार रात मौके पर पहुँचे सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि जैसे ही सूचना मिली, मैं टेकरी पर पहुँचा। अधिकारियों से बात की। उन्हें व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश दिए। जो पत्थर नीचे गिरे थे उन्हें हटवा दिया गया है। किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। कुछ जालियां टूटी हैं, जिन्हें ठीक करवाया जाएगा। वर्षा के समय टेकरी पर इस तरह की आशंका बढ़ जाती है। जिला प्रशासन इसे लेकर जागरूक है। मैं भी कलेक्टर से संपर्क में हूँ। आगे से ऐसा न हो, इसके लिए जो इंतजाम होंगे वे किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here