बैरसिया में नदी में बही बच्ची का शव 30 घंटे बाद मिला, विधायक ने लिया जायजा

बैरसिया। बैरसिया के पास ग्राम खजूरिया रामदास में वांह नदी के तेज बहाव में बहने वाली 13 वर्षीय पल्लवी साहू का शव दो दिन की सघन तलाश के बाद आखिरकार सोमवार शाम करीब 5 बजे बरामद कर लिया गया। बच्ची का शव घटना स्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर एक पुल के पास मिला।यह दुखद घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे हुई थी, जब पल्लवी अपने 70 वर्षीय दादा बाबूलाल साहू के साथ पितरों को तर्पण करने नदी पर गई थी। नहाते समय पल्लवी नदी के तेज बहाव में बहने लगी।

अपनी पोती को बचाने के प्रयास में दादा बाबूलाल भी नदी में बह गए। बाबूलाल साहू का शव रविवार को ही लगभग तीन घंटे की तलाश के बाद मिल गया था, लेकिन पल्लवी का कोई पता नहीं चला। रात के अंधेरे के कारण तलाश रोक दी गई थी।सोमवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसमें पुलिस, एसडीआरएफ टीम और स्थानीय ग्रामीण शामिल थे। एसडीएम आशुतोष शर्मा और थाना प्रभारी बीरेंद्र कुमार सेन खुद भी गोताखोरों की टीम के साथ नदी में उतरकर बच्ची की तलाश में लगे रहे। 30 घंटे से अधिक चले इस अभियान के बाद शाम करीब 5 बजे पल्लवी का शव बरामद हुआ।

विधायक ने परिवार को दिया मदद का भरोसाइस दुखद घटना की सूचना मिलने पर बैरसिया विधायक विष्णु खत्री और जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि कुबेर सिंह गुर्जर भी सोमवार को घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए शासन-प्रशासन से हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। शाम करीब 6:30 बजे, पोस्टमार्टम के बाद पल्लवी का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान एसडीएम आशुतोष शर्मा, हल्का पटवारी सुरेंद्र सिंह दांगी और ग्राम सरपंच प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here