उज्जैन: शादी के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक गिरोह का उज्जैन पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह की सरगना कृतिका जैन (28), उसकी बहन आयना जैन (22), चाची पुष्पा जैन (55) और तीन अन्य दलालों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह पूरे प्रदेश में अपना जाल फैलाकर भोले-भाले लोगों को निशाना बनाता था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित ऋषभ जैन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। ऋषभ ने बताया कि उसे कृतिका जैन की फोटो और आधार कार्ड दिखाकर शादी का झांसा दिया गया था। शादी होने के कुछ समय बाद ही कृतिका घर से 6 लाख रुपए नकद और 5 तोला सोने के गहने लेकर फरार हो गई।
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से काम करता था, जिसमें दुल्हन बनने वाली लड़की, उसके रिश्तेदार और दलाल सभी शामिल थे। फिलहाल, पुलिस इस गैंग से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन्होंने अब तक कितने लोगों को ठगा है।


