सिंगरौली। वासी वैरदहा गांव में अदाणी कंपनी द्वारा कथित तौर पर बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई कराए जाने को लेकर विरोध तेज हो गया है। ग्रामीणों के विरोध के बीच भारी पुलिस बल तैनात कर जंगल में कटाई जारी है, जिससे आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कंपनी को यहां कोल ब्लॉक आवंटित किया गया है, जिसके अंतर्गत पेड़ों की कटाई की जा रही है।
स्थिति का जायजा लेने के लिए शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी की टीम गांव की ओर जा रही थी, जिसका नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान कर रहे थे। उनके साथ ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती सिंह सहित लगभग 17 कार्यकर्ता मौजूद थे। लेकिन पुलिस ने फाटपानी गांव के पास बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। कांग्रेस नेताओं के विरोध जताने पर पुलिस ने सभी 17 नेताओं को गिरफ्तार कर पचौर ले जाया गया।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रशासन अदाणी के दबाव में काम कर रहा है और ग्रामीणों के जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा पर हमला किया जा रहा है। इस बीच गिरफ्तारी और ग्रामीणों की घेराबंदी के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।—
पक्षों का बयान
प्रवीण सिंह चौहान, शहर अध्यक्ष कांग्रेस सिंगरौली“मध्य प्रदेश में भाजपा नहीं, अदाणी की सरकार चल रही है। ग्रामीणों को बंदी बनाकर जंगल उजाड़ा जा रहा है। हम शांतिपूर्ण तरीके से मिलने जा रहे थे, फिर भी रोका गया।”
सरस्वती सिंह, ग्रामीण अध्यक्ष कांग्रेस सिंगरौली“आदिवासियों के अधिकारों पर हमला किया जा रहा है। भाजपा उद्योगपतियों के साथ मिलकर जल-जंगल-जमीन हड़प रही है। संघर्ष जारी रहेगा और उच्च स्तरीय जांच की मांग करेंगे।”
पुन्नू सिंह परस्ते, सीएसपी विंध्यनगर सिंगरौली“सुरक्षा कारणों से बैरिकेडिंग की गई थी। कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, इसलिए 17 लोगों को गिरफ्तार कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया है।”