बिहार की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेज प्रताप यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा है कि उन्हें खुद को निलंबित कर लेना चाहिए। तेज प्रताप ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश को बदनाम करने और गलत बयानबाजी करने का काम कर रहे हैं।
तेज प्रताप यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि पीएम मोदी देश के लिए अच्छा काम कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि “देश बेच कौन रहा है? जो बेच रहा है, वो संसद के अंदर है।” उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश को बेचने जैसे बयान दे रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री मोदी विकास और राष्ट्रहित में कार्य कर रहे हैं।
राजद नेता ने कहा कि राहुल गांधी के बयानों से विपक्ष की छवि को नुकसान पहुंच रहा है और ऐसे में उन्हें आत्ममंथन करते हुए खुद को सस्पेंड कर लेना चाहिए। तेज प्रताप यादव के इस बयान को राहुल गांधी पर तीखा प्रहार माना जा रहा है, वहीं पीएम मोदी की खुली तारीफ ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है।
तेज प्रताप यादव के इस बयान के बाद बिहार ही नहीं, बल्कि देशभर की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है। विपक्षी एकता और इंडिया गठबंधन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि तेज प्रताप का यह बयान आने वाले समय में सियासी समीकरणों को और दिलचस्प बना सकता है।


