रीवा जिले में शनिवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोस्टा गांव के महर्षि मोड़ के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों शादी का निमंत्रण देने निकले थे।
हादसे में 50 वर्षीय भागवत विश्वकर्मा, उनके 20 वर्षीय पुत्र राहुल विश्वकर्मा और उनकी रिश्ते की नातिन 27 वर्षीय शीतल विश्वकर्मा की जान चली गई। बताया जा रहा है कि मृतक भागवत विश्वकर्मा, रीवा जिले के चचाई गांव के निवासी थे। उनके बड़े बेटे की 24 फरवरी को शादी तय थी। इसी सिलसिले में वह अपने छोटे बेटे राहुल के साथ रिश्तेदारों और परिचितों को शादी का कार्ड बांटने निकले थे।
शनिवार को वे जीउल्ला मोड़ के पास कार्ड बांटने के बाद आगे अन्य परिजनों को निमंत्रण देने जा रहे थे। इसी दौरान रायपुर कर्चुलियान की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रायपुर कर्चुलियान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने हादसे में शामिल कार चालक को हिरासत में ले लिया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं इस हादसे के बाद मृतकों के घर में कोहराम मचा हुआ है। जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।


