अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर की टक्कर से भीषण सड़क हादसा, नवविवाहित दूल्हा-दुल्हन सहित चार घायल

छतरपुर जिले के लवकुश नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बसंतपुर तिराहे के समीप एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से अवैध रेत का परिवहन कर रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने नवविवाहित दूल्हा-दुल्हन की वेन्यू कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दूल्हा-दुल्हन सहित दूल्हे का फूफा और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार बारात सरबई से भरवारा गांव गई थी और विवाह संपन्न होने के बाद दूल्हा अमित अहिरवार अपनी नवविवाहिता पत्नी प्रभा अहिरवार को लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बसंतपुर तिराहे के पास सामने से आ रहे अवैध रेत से भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

वहीं घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।इस हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहे अवैध रेत परिवहन और तेज रफ्तार ट्रैक्टरों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद अवैध रेत परिवहन पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है, जिससे आम लोगों की जान खतरे में पड़ती जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here