छतरपुर जिला अस्पताल के चर्चित और समर्पित सर्जन डॉ. मनोज चौधरी ने चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया है। इंदौर में आयोजित द एसोसिएशन ऑफ सर्जन ऑफ इंडिया के 43वें वार्षिक सम्मेलन में डॉ. चौधरी को प्रतिष्ठित एल.एम. पंत पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
डॉ. मनोज चौधरी को यह सम्मान सर्जरी के क्षेत्र में उत्कृष्ट, निरंतर और प्रभावशाली योगदान के लिए प्रदान किया गया। सम्मेलन में प्रदेशभर से आए वरिष्ठ सर्जन, विशेषज्ञ डॉक्टर और चिकित्सा जगत के दिग्गज मौजूद रहे।लक्ष्य से आगे बढ़कर दिखाई प्रतिबद्धतास्वास्थ्य विभाग द्वारा चालू वित्तीय वर्ष में जिले को 10 हजार एलटीटी (LTT) ऑपरेशनों का लक्ष्य दिया गया था।
अब तक जिले में करीब 8 हजार ऑपरेशन पूरे किए जा चुके हैं, जिनमें से अकेले डॉ. मनोज चौधरी ने लगभग 4500 सफल ऑपरेशन कर एक नई मिसाल कायम की है। यह उपलब्धि उन्हें एक “वन मैन आर्मी” के रूप में पहचान दिलाती है।खास बात यह रही कि डॉ. चौधरी ने इन ऑपरेशनों में 8 पुरुष नसबंदी जैसे संवेदनशील और जागरूकता से जुड़े मामलों को भी सफलतापूर्वक अंजाम दिया, जो आमतौर पर चुनौतीपूर्ण माने जाते हैं।
दिग्गजों ने की सराहनासम्मान समारोह के दौरान स्टेट चेयरमैन डॉ. महिम, वरिष्ठ सर्जन डॉ. सी.पी. कोठारी और डॉ. राकेश शिवहरे सहित कई नामचीन चिकित्सकों ने डॉ. चौधरी की कार्यशैली, समर्पण और सेवाभाव की जमकर प्रशंसा की। विशेषज्ञों ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इस स्तर का प्रदर्शन पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत है।
डॉ. मनोज चौधरी की इस उपलब्धि से न केवल जिला अस्पताल बल्कि पूरे छतरपुर जिले के चिकित्सा तंत्र की साख और मजबूत हुई है। यह सम्मान आने वाले समय में युवा डॉक्टरों के लिए भी एक प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है।


