टेकऑफ के वक्त डगमगाया सीएम Mohan Yadav का हेलीकॉप्टर, पायलट की सूझबूझ से टला खतरा

खंडवा। Mohan Yadav शनिवार को खंडवा जिले के दौरे पर थे, जहां पंधाना में राज्य स्तरीय लाडली बहना योजना कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब सीएम का हेलीकॉप्टर टेकऑफ कर रहा था, तभी वह हवा में कुछ सेकंड के लिए लड़खड़ाता और दिशा बदलता नजर आया। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हेलीकॉप्टर हवा में उठने के बाद आगे बढ़ने की बजाय कुछ क्षण पीछे की ओर जाता दिखा, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि पायलट ने तुरंत स्थिति को संभाल लिया और हेलीकॉप्टर ने धूल के गुबार के बीच सुरक्षित ऊंचाई पकड़ ली। इसके बाद मुख्यमंत्री की खंडवा से भोपाल तक की यात्रा सामान्य रूप से पूरी हुई।इस मामले में खंडवा एसपी मनोज कुमार राय ने स्पष्ट किया कि उड़ान में किसी प्रकार की तकनीकी खराबी नहीं थी। उनके अनुसार टेकऑफ के समय हेलीकॉप्टर की दिशा अलग थी और उसे निर्धारित दिशा में मोड़ने की प्रक्रिया के दौरान धूल अधिक उड़ने लगी। धूल कम करने के लिए पायलट ने रफ्तार नियंत्रित की और कुछ सेकंड में स्थिति सामान्य हो गई।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘वन क्लिक’ के माध्यम से 1.25 करोड़ लाडली बहनों के खातों में 1800 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here