छतरपुर। शनिवार शाम करीब 5 बजे भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने AI समिट विवाद में कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता चौबे कॉलोनी से पैदल रैली निकालते हुए डाकखाना चौराहे तक पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस की नीतियों के विरोध में नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान “राहुल गांधी मुर्दाबाद” के नारे लगाए गए और कांग्रेस की विचारधारा को देशविरोधी बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।
रैली आगे बढ़ते हुए कांग्रेस कार्यालय की ओर पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की, लेकिन कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़ते हुए आगे बढ़कर पुतला फूंक दिया। इस दौरान कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
ओरछा रोड थाना प्रभारी दीपक यादव ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने जलते पुतले से ज्वलनशील पदार्थ हटाकर आग पर काबू पाया। घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष नीरज चतुर्वेदी ने कहा कि उनकी पार्टी कांग्रेस की कथित देशविरोधी नीतियों का विरोध जारी रखेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसी गतिविधियां बंद नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।


