छतरपुर। आस्था और तकनीक का अनोखा संगम उस समय देखने को मिला जब बागेश्वर महाराज के आह्वान पर आयोजित चतुर्थ सामूहिक श्री हनुमान चालीसा हवन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आयोजन में करीब 30 हजार लोग एक साथ बैठकर हवन में शामिल हुए, जबकि देश-विदेश से लगभग 4 से 5 लाख घर ऑनलाइन जुड़े।
बताया गया कि करीब पौने दो लाख घर सिर्फ यूट्यूब प्लेटफॉर्म के माध्यम से जुड़े, वहीं फेसबुक, इंस्टाग्राम और संस्कार टीवी के जरिए भी लाखों लोगों ने कार्यक्रम को लाइव देखकर हवन में सहभागिता की।यह विशेष आध्यात्मिक अभियान 25 दिसंबर से शुरू हुआ था, जिसके तहत पहले चरण में लगातार पांच हवन आयोजित किए जा रहे हैं। श्रृंखला का अगला और पहले चरण का अंतिम हवन 20 अप्रैल को आयोजित होगा।
आयोजन का उद्देश्य समाज में बढ़ रही नकारात्मकता को दूर कर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना बताया गया है।सिद्धपीठ बागेश्वर धाम में हुए इस सामूहिक हनुमान चालीसा ऑनलाइन हवन के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया और हवन में आहुतियां दीं। आयोजन स्थल पर भक्ति और आस्था का माहौल रहा, वहीं ऑनलाइन जुड़े परिवारों ने भी अपने घरों में विधि-विधान से हवन कर कार्यक्रम में भागीदारी की।
आयोजन से जुड़े लोगों का कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए इतने बड़े स्तर पर लोगों का जुड़ना धार्मिक परंपरा और आधुनिक तकनीक के मेल का अनूठा उदाहरण है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि सामूहिक प्रार्थना और हवन से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का प्रसार होगा और लोगों को मानसिक व आध्यात्मिक शक्ति मिलेगी।


