मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां रफ्तार के जुनून ने एक नाबालिग की जान ले ली। बृजपुर थाना क्षेत्र के हटूपुर मोड़ पर रविवार शाम हुए इस भीषण हादसे में 16 साल के किशोर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा इतना भयावह था कि देखने वालों की रूह कांप उठी।
जानकारी के मुताबिक, मडला निवासी लोकेश उर्फ लक्कू गोंड अपने दो दोस्तों के साथ बाइक पर सवार होकर तेज रफ्तार में जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी लोहे की पाइप और टीन से लोड ट्रैक्टर-ट्रॉली उसे नजर नहीं आई और बाइक सीधे ट्रॉली के पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली में लदा सामान लोकेश के सिर में घुस गया, जिससे उसका सिर बुरी तरह फट गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मौके पर मौजूद उसके दोस्त उमेश और सुरजीत घायल साथी की मदद करने के बजाय उसे तड़पता छोड़ मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार दोनों दोस्तों की तलाश की जा रही है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।


