पन्ना में आसमान छूती महंगाई और बुनियादी सुविधाओं की किल्लत को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आज सोमवार, 30 मार्च को जिला मुख्यालय के अजयगढ़ चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनीस खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस के बढ़ते दामों, बिजली बिलों में बेतहाशा वृद्धि और अघोषित बिजली कटौती को लेकर जमकर आक्रोश जताया प्रदर्शनकारियों ने ईंधन की बढ़ती कीमतों और बाजार में इसकी अपर्याप्त उपलब्धता को सरकार की बड़ी विफलता करार दिया।
यह आंदोलन सिर्फ जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा; पन्ना जिले के सभी 10 ब्लॉकों में एक साथ हल्लाबोल किया गया। कांग्रेस का स्पष्ट आरोप है कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियां आम आदमी की कमर तोड़ रही हैं।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही महंगाई पर लगाम नहीं लगाई गई और आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई, तो यह आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा। भारी संख्या में जुटे पदाधिकारियों और नागरिकों ने एक स्वर में सरकार विरोधी नारेबाजी कर प्रशासन को हिला कर रख दिया।


