मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सिरसौद थाना क्षेत्र के टोंगरा रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास दोपहर करीब 12 बजे हुआ।जानकारी के अनुसार, मुर्गी दाना से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ऑटो पर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।मृतकों में 25 वर्षीय वीरेंद्र शाक्य और उनकी नवविवाहिता पत्नी राजेश्वरी शाक्य शामिल हैं। दोनों की शादी एक दिन पहले ही शुक्रवार को शिवपुरी की संजय कॉलोनी में हुई थी।
परिवार की मौजूदगी में मंदिर में विवाह संपन्न हुआ था और शादी के अगले ही दिन यह हादसा हो गया।घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।इस हादसे से दोनों परिवारों में मातम छा गया है। शादी की खुशियां चंद घंटों में ही मातम में बदल गईं, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


