कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में सोमवार देर रात उस समय हलचल मच गई, जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस सरकार में अग्निशमन सेवा मंत्री रहे सुजीत बोस को गिरफ्तार कर लिया। उन पर राज्य में हुए करोड़ों रुपये के नगरपालिका रोजगार घोटाले में शामिल होने के आरोप हैं।जानकारी के मुताबिक ईडी अधिकारियों ने सोमवार सुबह सुजीत बोस को पूछताछ के लिए सॉल्ट लेक स्थित ईडी कार्यालय तलब किया था। करीब 11 घंटे तक चली लंबी पूछताछ के बाद केंद्रीय एजेंसी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।ईडी का आरोप है कि पिछली सरकार के दौरान पश्चिम बंगाल की विभिन्न नगरपालिकाओं में भर्ती प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं और वित्तीय गड़बड़ियां हुई थीं। जांच एजेंसी इस मामले में धन शोधन और अवैध लेनदेन के पहलुओं की भी जांच कर रही है।गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सुजीत बोस अपने गृह क्षेत्र बिधाननगर विधानसभा सीट से चुनाव हार गए थे। उनकी गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।


