Marco Rubio शनिवार को भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत-अमेरिका संबंधों, वैश्विक मुद्दों और रणनीतिक साझेदारी को लेकर अहम चर्चा हुई।बैठक के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण भी दिया।
मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि भारत और अमेरिका दुनिया की भलाई और वैश्विक स्थिरता के लिए एक-दूसरे के साथ नजदीकी सहयोग जारी रखेंगे।मार्को रूबियो भारत में आयोजित क्वाड (QUAD) समूह के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। क्वाड में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं, जिसे इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग के अहम मंच के रूप में देखा जाता है।
हालांकि राजनीतिक और कूटनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि रूबियो का यह दौरा केवल क्वाड बैठक तक सीमित नहीं है, बल्कि हाल के महीनों में भारत-अमेरिका संबंधों में आई कुछ दूरी को कम करने की कोशिश भी इसका हिस्सा है।विशेषज्ञों के अनुसार, व्यापार, रक्षा सहयोग, चीन की बढ़ती आक्रामकता और वैश्विक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर दोनों देशों के बीच संवाद को मजबूत करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। ऐसे में मार्को रूबियो का यह दौरा भारत-अमेरिका रिश्तों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।


